Zim vs WI Super 8 T20 WC: T-20 वर्ल्ड कप के चौथे सुपर -8 मैच में वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को बडे़ अंतर 107 रन से शिकस्त दी है। यह मैच वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया, जहां जिम्बाव्बे ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बैटिंग करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 254 रन बनाए। वहीं टारगेट का पीछा करने उतरी जिम्बाव्बे टीम 17.4 ओवर में महज 147 रन बनाकर ही बिखर गई।
हेटमायर की शानदार फिफ्टी
जिम्बाब्वे के खिलाफ शिमरोन हेटमायर ने टी-20 वर्ल्ड कप में विंडीज के लिए सबसे तेज फिफ्टी लगाई। उन्होंने 19 गेंद में अर्धशतक ठोका। हेटमायर से पहले यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था। गेल ने 2012 में कोलंबो में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए मैच में 23 गेंद पर फिफ्टी लगाई थी।

शिमरोन हेटमायर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने मात्र 34 गेंदों पर 85 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।
वेस्टइंडीज टीम की धमाकेदार बल्लेबाजी।
शिमरोन हेटमायर ने 34 गेंद में 85 रन बनाए। इनके अलावा टीम से रोवमैन पॉवेल ने भी 35 गेंदों पर 59 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल थे। शेरफन रदरफोर्ड 31 रन, रोमारियो ने 21 रन बनाए। बाकी प्लेयर्स 15 तक का स्कोर नही पा सके। लेकिन टीम ने स्कोर को 254 तक पहुंचाकर बड़े अंतर से जीत दर्ज की।

जिम्बाब्वे की ओर से रिचर्ड नगारवा को 2 विकेट मिले।
जिम्बाब्वे टीम बिखरी
टारगेट का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की ओर से डायोन मायर्स ने 28 रन और कप्तान सिकंदर रजा 27 रन बनाकर आउट हो गए। टीम से ब्रैड इवांस 21 गेंद में 2 चौके, 5 छक्के की मदद से 43 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी खिलाड़ी 20 तक का स्कोर भी नहीं बना सका और टीम को हार का सामना करना पड़ा।
वेस्टइंडीज की ओर से गुडकेश मोती ने 4 विकेट और अकिल हुसैन ने 3 विकेट चटकाएं।
T-20 वर्ल्ड कप के इस मैच में सबसे ज्यादा लगाए गए सिक्स
वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए मैच में कुल 31 छक्के लगाए गए। जोकि T-20 वर्ल्ड कप इतिहास में किसी एक मैच में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड है।
इसके पहले यह रिकॉर्ड 2014 में आयरलैंड और नीदरलैंड के बीच खेले गए मैच में बना था, उसमें टोटल 30 सिक्स लगाए गए थे।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
वेस्टइंडीज
ब्रैंडन किंग, शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, रोवमन पॉवेल, शेरफन रदरफोर्ड, जेसन होल्डर, रोमारियो शेफर्ड, मैथ्यू फोर्ड, अकिल हुसैन, गुडाकेश मोती और शमार जोसेफ।
जिम्बाब्वे
ब्रायन बेनेट, तदिवानाशे मारुमनी, सिकंदर रजा (कप्तान), रायन बर्ल, डायोन मायर्स, ताशिंगा मुसेकिवा, रिचर्ड नगारवा, ब्रैड इवांस, टोनी मुनयोंगा, ग्रीम क्रेमर, ब्लेसिंग मुजरबानी।
