बारिश और बर्फबारी
पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और देहरादून में बादल छाए हुए है। यहां रात के वक्त बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के लिए 5 जिलों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों जैसे गंगोत्री, केदारनाथ, सोनप्रयाग, मुनस्यारी, नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान, बद्रीनाथ, जोशीमठ और आसपास के इलाकों में 3200 मीटर या उससे ज्यादा की ऊंचाई पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। साथ ही बिजली गिरने की भी संभावना है।
Uttarakhand weather today: कब कैसा रहेगा मौसम
केदारनाथ में पारा -12°C तक लुढ़क गया, जबकि यमुनोत्री में -10°C तापमान दर्ज किया गया। इन क्षेत्रों में शीतलहर और बर्फीली हवाओं के चलते जनजीवन पर असर देखा जा रहा है।
23 फरवरी को मौसम में आंशिक बदलाव की संभावना है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बहुत हल्की से हल्की वर्षा या हिमपात हो सकता है। वहीं 24 फरवरी को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम का असर जारी रह सकता है। चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में 3000 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले स्थानों पर कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा या बर्फबारी की संभावना है। वहीं 25 फरवरी को धूप निकल सकती है।
