Rajasthan Assembly Cricket: भारत की T20 World Cup विजय का खुमार राजस्थान विधानसभा के गलियारों में भी सिर चढ़कर बोल रहा है। शून्यकाल के दौरान सदन की कार्यवाही ने उस वक्त रोचक मोड़ ले लिया, जब टीम इंडिया की जीत को लेकर BJP और कांग्रेस के दिग्गज नेता आपस में भिड़ गए। जहां सत्तापक्ष ने इस जीत का कनेक्शन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके नाम पर बने स्टेडियम से जोड़ रहा था, वहीं विपक्ष ने इसे खिलाड़ियों की मेहनत बताकर तंज कसा।
जीट का श्रेय PM को
चर्चा की शुरुआत तब हुई जब भजनलाल सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने टीम इंडिया को बधाई देते हुए जीत का श्रेय इंफ्रास्ट्रक्चर को दिया। उन्होंने कहा, हमने वर्ल्ड कप जीतने के साथ कई वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए हैं। यह सब ‘नरेंद्र मोदी स्टेडियम’ में हुआ है। अब विपक्ष को इससे दिक्कत है, लेकिन सच्चाई तो यही है। अब इस नरेंद्र मोदी स्टेडियम का नाम हम ‘टीकाराम जूली स्टेडियम’ तो रख नहीं सकते।
संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने भी कहा कि अहमदाबाद के स्टेडियम का नाम शुभ है, जिससे भारत को जीत मिली।

‘मोदीजी नहीं गए इसलिए जीते’
मंत्री के इस कटाक्ष पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी चुप नहीं रहे। उन्होंने खड़े होकर पलटवार किया। जूली ने मुस्कराते हुए कहा, हमारी टीम को बहुत-बहुत बधाई, लेकिन सच तो यह है कि टीम इंडिया इसलिए जीत गई क्योंकि इस बार फाइनल मैच देखने मोदीजी नहीं गए थे। हमने देखा है कि मोदीजी जब-जब स्टेडियम में मैच देखने गए, हमारी टीम को हार मिली है। यह खिलाड़ियों के पसीने की जीत है।
Rajasthan Assembly Cricket: सदन में दिलचस्प चर्चा
सदन में नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिलती है, लेकिन क्रिकेट के टॉपिक पर हुई चर्चा ने माहौल को हल्का कर दिया। सत्तापक्ष और विपक्ष के कई विधायक इस दिलचस्प चर्चा के दौरान ठहाके लगाते नजर आए।
