Punjab CM news: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की एक टिप्पणी ने सियासी और छात्र राजनीति में हलचल मचा दी है। शिरोमणि अकाली दल की छात्र इकाई स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन ऑफ इंडिया (SOI) के खिलाफ दिए गए बयान से नाराज़ छात्रों ने चंडीगढ़ में बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया, जो बाद में पुलिस कार्रवाई पर ख़त्म हुआ।
सीएम हाउस का घेराव करने की हुई कोशिश, रास्ते में रोका गया मार्च
मुख्यमंत्री भगवंत मान की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में SOI के कार्यकर्ता और छात्र नेता बड़ी संख्या में चंडीगढ़ पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के उद्देश्य से मार्च निकाला, लेकिन पुलिस ने उन्हें सेक्टर-11 स्थित गुरुद्वारे के पास ही रोक लिया। प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर रास्ता बंद कर दिया।

छात्र नेताओं की राखी मांग: सीएम मान से सीधे बातचीत हो
SOI के अध्यक्ष रणवीर सिंह ढिल्लों ने पुलिस अधिकारियों से अपील की कि उन्हें शांतिपूर्ण तरीके से मुख्यमंत्री तक पहुंचने दिया जाए ताकि वे अपना ज्ञापन सौंप सकें। हालांकि, पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अनुमति नहीं दी। छात्र नेताओं के अनुसार, मुख्यमंत्री मान का बयान पंजाब के युवाओं को बदनाम करने वाला है और इसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी मांग रखी कि अगर उन्हें आगे नहीं जाने दिया जाता, तो मुख्यमंत्री को वहीं बुलाया जाए।
पुलिस-छात्रों में हुई धक्का-मुक्की, कई छात्र हिरासत में
जानकारी के अनुसार, स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। मौके पर मौजूद डीएसपी दलबीर सिंह ने छात्रों से बातचीत कर मामला शांत करने की कोशिश की, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसके चलते पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में ले लिया। इन्हें सेक्टर-11 और सेक्टर-26 थानों में ले जाया गया।
SOI ने लगाया आरोप: संगठन की छवि खराब करने की हो रही कोशिश
रणवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि SOI एक शिक्षित युवाओं का संगठन है और इस तरह की टिप्पणी करना पंजाब के मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देता। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री मान अपने बयान पर स्पष्टीकरण दें और सभी छात्रों के लिए डोप टेस्ट कराने की मांग पर भी विचार करें।
