Pakistan claim of destroying S400 false: भारत और पाकिस्तान एक दूसरे पर लगातार सैन्य कार्रवाई कर रहे हैं। इस बीच विदेश और रक्षा मंत्रालय ने आज प्रेस कॉन्फ्रेस की। इसमें कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान लगातार हिंदुस्तान पर मिसाइल अटैक कर रहा है। उसने हाईस्पीड मिसाइल से जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, पंजाब के पठानकोट, आदमपुर और गुजरात के भुज एयरबेस पर हमला किया, जिसमें हमें (भारत) नुकसान पहुंचा है।
S-400 सिस्टम को नुकसान पहुंचाने का दावा झूठा
पाकिस्तान दावे कर रहा है की पाकिस्तान ने भारत के एयर डिफेंस सिस्टम को तबाह कर दिया, इसपर भारत के रक्षा मंत्रालय ने भारत ने S-400 सिस्टम को नुकसान पहुंचाने के दावे को झूठा बताया। साथ ही यह भी कहा आदमपुर बेस के नुकसान की बात बिल्कुल झूठी है। विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने बताया कि पाकिस्तान नापाक हरकत कर रहा है, लेकिन भारतीय सेना ने तुरंत कार्रवाई की। भारत ने सिर्फ पहचाने गए सैन्य ठिकानों पर सटीक हमले किए।
पाकिस्तान गलत जानकारी फैला रहा
व्योमिका सिंह ने कहा पाकिस्तान गलत जानकारी फैला रहा है। पाकिस्तान का कहना है कि उसने S-400 सिस्टम को नष्ट कर दिया है। उनका यह भी कहना है कि उसने सूरत और सिरसा के हवाई क्षेत्रों को तबाह कर दिया। विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने कहा –
“भारत पाकिस्तान द्वारा फैलाई जा रही इन झूठी बातों को पूरी तरह से खारिज करता है।”

Pakistan claim of destroying S400 false: हम पूरी तरह से तैयार
विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने आगे कहा कि पाक की सेना अपनी टुकड़ियों को आगे के इलाकों में ले जा रही है। इससे पता चलता है कि वे और ज्यादा हमला करने की तैयारी में हैं। भारतीय सशस्त्र बल पूरी तरह से तैयार हैं। पाकिस्तान के हर हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने कहा कि भारतीय सेना तनाव कम करने के लिए तैयार हैं, लेकिन पाकिस्तान को भी ऐसा करना होगा।
उन्होंने कहा, अगर पाकिस्तान शांत रहता है, तो भारत भी शांत रहेगा।
पाकिस्तान की हरकतों से ही तनाव बढ़ा
विदेश सचिव विक्रम मिसरी का कहना है कि पाकिस्तान की हरकतों से तनाव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने ही पहले उकसाने वाली कार्रवाई की। इसके जवाब में भारत ने हमेशा जिम्मेदारी से काम लिया। भारत ने सोच-समझकर ही जवाब दिया है। मिस्री ने कहा कि आज सुबह भी पाकिस्तान ने वही पुरानी हरकत दोहराई, और हमला किया।
भारत ने कई खतरों को नाकाम कर दिया
कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया कि पाकिस्तानी सेना लगातार पश्चिमी सीमा पर हमले कर रही है। उन्होंने ड्रोन, लंबी दूरी के हथियार, और फाइटर जेट का इस्तेमाल करके भारत के सैन्य बेस पर हमला किया है। कर्नल सोफिया कुरेशी ने कहा,भारत ने कई खतरों को नाकाम कर दिया। लेकिन पाकिस्तान ने 26 से ज़्यादा जगहों पर हवाई रास्ते से घुसपैठ करने की कोशिश की है। उन्होंने उधमपुर, भुज, पठानकोट और बठिंडा में एयर फ़ोर्स बेस पर नुकसान पहुंचाया।
