Masuri weather: पहाड़ों की रानी मसूरी में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। रविवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और हल्की बारिश ने पूरे शहर के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज कराई। ठंडी हवाओं और फुहारों के बीच मसूरी का मौसम सुहावना हो गया है, जिससे यहां पहुंचे पर्यटकों की खुशी दोगुनी हो गई है।

पर्यटकों की चहल-पहल बढ़ गई
गुड फ्राइडे और वीकेंड की छुट्टियों के चलते मसूरी में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं। होटल, गेस्ट हाउस और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है। खासकर मॉल रोड और कैम्पटी फॉल्स जैसे स्थानों पर पर्यटकों की चहल-पहल बढ़ गई है।
Masuri weather: ठंडी वादियों में सर्दी का आनंद ले रहे हों
सुबह से छाए बादलों और हल्की बारिश ने मसूरी को और भी खूबसूरत बना दिया है। निचले इलाकों में जहां गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है, वहीं मसूरी में ठंडक का एहसास हो रहा है। पर्यटकों का कहना है कि यहां का मौसम ऐसा महसूस करा रहा है मानो वे किसी ठंडी वादियों में सर्दी का आनंद ले रहे हों।
Masuri weather: स्थानीय बाजारों में रौनक लौट आई
दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से आए पर्यटकों ने बताया कि मसूरी का यही बदलता मौसम उन्हें बार-बार यहां खींच लाता है। “नीचे गर्मी शुरू हो गई है, लेकिन यहां आकर सर्दी जैसा एहसास हो रहा है। यही मसूरी की खासियत है, पर्यटकों की भारी आमद से स्थानीय व्यापारियों और होटल व्यवसायियों के चेहरे भी खिल उठे हैं। रेस्टोरेंट, कैफे और स्थानीय बाजारों में रौनक लौट आई है।\
सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है। प्रशासन ने पर्यटकों को मौसम को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है।
हर मौसम में अपनी अलग पहचान रखने वाली मसूरी एक बार फिर अपने सुहावने मौसम के कारण पर्यटकों को आकर्षित कर रही है। ठंडी हवाएं, बादलों की ओट और हल्की बारिश का संगम यहां आने वाले हर सैलानी के लिए यादगार अनुभव बन रहा है।
