Kamal Death Case: दिल्ली के जनकपुरी में जल बोर्ड द्वारा खोदे गए गहरे गड्ढे में गिरकर युवक कमल चंदानी की मौत के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस घटना पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और सीधे तौर पर दिल्ली सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि लापरवाही और लालच से उपजी एक और मौत है। उन्होंने कहा कि देश में जवाबदेही की कमी अब जानलेवा बन चुकी है।
Kamal Death Case: ‘दुर्घटना नहीं, व्यवस्था की विफलता है’
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में कहा,
“हिंदुस्तान में फैली लालच और लापरवाही की बीमारी ने फिर एक युवा की जान ले ली। एक बेटा, एक सपना, माता-पिता की पूरी दुनिया एक पल में उजड़ गई। इसे हादसा कहना सच से भागना है।” उन्होंने आगे लिखा कि असली दोषी सड़क नहीं, बल्कि वह सत्ता है जो जवाबदेही लेने से बचती रहती है। न इस्तीफा होता है, न सजा मिलती है और न ही किसी की अंतरात्मा जागती है।
Also Read-लोकसभा हंगामे के बाद सोमवार तक स्थगित, केंद्रीय मंत्री बिट्टू ने राहुल गांधी पर तंज कसा
Kamal Death Case: पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
राहुल गांधी ने इंदौर के जहरीले पानी, नोएडा में युवराज की मौत, गिरते पुलों, रेल हादसों और बढ़ते प्रदूषण का जिक्र करते हुए कहा कि जब तक सिस्टम से जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक ऐसे हादसे दोहराते रहेंगे। इस मामले में अब प्रशासनिक कार्रवाई भी सामने आई है। जल बोर्ड से जुड़े एक्सईएन, एई और जेई को निलंबित कर दिया गया है। आरोप है कि सड़क पर गड्ढा खोदने के बाद सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए थे।
Also Read-गठबंधन से पूरी तरह इनकार, बंगाल की 294 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
क्या है पूरा मामला
कमल चंदानी गुरुवार रात करीब 10 बजे रोहिणी स्थित एक निजी बैंक से काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। जनकपुरी के पास सड़क पर मौजूद गहरे गड्ढे में उसकी बाइक गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अगर सड़क पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड या रोशनी की व्यवस्था होती तो कमल की जान बच सकती थी। परिवार ने पुलिस पर भी समय पर मदद न करने के आरोप लगाए हैं।
