11KV लाइन से टेंट टकराने से हुआ हादसा
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बडेराजपुर ब्लॉक के ग्राम रावसवाही में एक स्थानीय कबड्डी मैच के दौरान तेज आंधी-तूफान के चलते टेंट उड़कर 11 केवी बिजली लाइन से टकरा गया, जिससे मैदान में मौजूद कई लोग करंट की चपेट में आ गए। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
11 केवी की लाइन से फैला करंट
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के बडेराजपुर ब्लॉक में कबड्डी मैच के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. खेल के बीच अचानक आए तेज आंधी-तूफान से मैदान में लगा टेंट उड़कर 11 केवी बिजली तार से टकरा गया. करंट की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को विश्रामपुरी अस्पताल पहुंचाया गया. यह घटना कोंडागांव जिले के बडेराजपुर ब्लॉक के ग्राम रावसवाही में हुई है.
करंट लगने से तीन लोगों की मौत
हादसे में कुल 6 लोगों को अस्पताल लाया गया था. इनमें से तीन की मौत अस्पताल लाने से पहले ही हो चुकी थी, जबकि तीन घायलों का इलाज जारी है. हालांकि इनमें से दो गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
बिजली लाइन के नीचे लगाया टेंट
घटना की सूचना मिलते ही जिला भाजपा अध्यक्ष सेवक राम नेताम, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आयोजकों ने बिजली लाइन के नीचे टेंट लगाया था।
ग्रामीण बोले- टेंट लगाने से मना भी किया था
ग्रामीण युवा ने कहा कि गांव वालों ने यहां टेंट लगाने से मना भी किया था, बावजूद इसके आयोजन समिति ने टेंट लगाया। मृतक सतीश हमारा लीडर था। जिला पंचायत सदस्य राम चरण शोरी ने कहा कि घटना दुखद है। मृतकों के परिवार वालों को शासन से मुआवजा मिलना चाहिए। घायलों को भी सहायता मिलनी चाहिए।भाजपा जिला अध्यक्ष सेवक राम नेताम ने कहा कि इस क्षेत्र से कई युवा खेल में आगे निकल रहे हैं। इस घटना ने दिल दहला दिया। मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिलाने का प्रयास करेंगे।
