अगर आपको ईवीएम पर भरोसा नहीं है तो चुनाव न लड़ें
जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि कांग्रेस को ईवीएम पर रोना बंद करना चाहिए। जब आप चुनाव जीतते हैं तो आप जश्न मनाते हैं, जब आप हारते हैं तो आप ईवीएम पर सवाल उठाते हैं। यह सही नहीं है। चुनाव लड़ने से पहले पार्टियों को यह तय करना चाहिए कि उन्हें ईवीएम में विश्वास है या नहीं।
अब्दुल्ला ने पीटीआई-भाषा को दिए साक्षात्कार में कहा, ”जब आप ईवीएम के जरिये 100 से अधिक सांसदों को चुनते हैं तो आप इसे अपनी पार्टी की जीत कहते हैं। अगर दूसरे चुनाव में परिणाम अनुकूल नहीं आता है तो उसे गलत घोषित कर दिया जाता है। यह सही नहीं है। अगर किसी पार्टी को ईवीएम पर भरोसा नहीं है तो उसे चुनाव नहीं लड़ना चाहिए।
जीत पर जश्न, हार पर सवाल क्यों?
जम्मू-कश्मीर में आई.एन.डी.आई.ए गठबंधन की सरकार है। 90 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 46 है। सितंबर-अक्टूबर में हुए चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 42 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस को छह सीटें मिलीं। यानी जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनी है.
केंद्र सरकार किए गए वादे को निभाए
इंटरव्यू में उमर ने केंद्र सरकार द्वारा किए गए वादे को निभाने की बात कही। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए। 5 अगस्त, 2019 को केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त कर दिया था। इस दौरान इसे दो केंद्र शासित प्रदेशों, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विभाजित किया गया था।
