जम्मू-कश्मीर की 90 विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती जारी है. शुरुआती रुझानों में नेशनल कान्फ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन को बहुमत मिलता नजर आ रहा है. वहीं बीजेपी भी जम्मू क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करती दिख रही है. बता दें कि आर्टिकल 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में यह पहला विधानसभा चुनाव है.
इससे पहले जम्मू-कश्मीर में साल 2014 में विधानसभा चुनाव हुए थे. करीब 10 साल बाद हुए चुनाव में जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा, बेरोजगारी समेत कई बड़े मुद्दे हावी रहे हैं और अब नतीजों की बारी है. चुनाव में उमर अब्दुल्ला, इल्तिजा मुफ्ती और रविंद्र रैना समेत कई बड़े चेहरों की साख दांव पर है. अब तक की गिनती में कौन आगे, कौन पीछे जानिए.
जम्मू-कश्मीर में बड़े चेहरों का हाल
- नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने दो सीटों बडगाम और गांदरबल से चुनाव लड़ा है, वह दोनों ही सीटों पर आगे चल रहे हैं. बडगाम में 5वें चरण की काउंटिंग के बाद उमर अब्दुल्लाह करीब 6000 वोटों से आगे चल रहे हैं, वहीं गांदरबल में चौथे राउंड की गिनती के बाद वह करीब 4 हजार वोटों से आगे हैं.
- वहीं नौशेरा विधानसभा सीट से बीजेपी को बड़ा झटका लगा है, बीजेपी अध्यक्ष रविंद्र रैना करीब 10 हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं. इस सीट से नेशनल कांफ्रेंस के सुरेंद्र कुमार चौधरी आगे हैं.
- इसके अलावा विधानसभा चुनाव में पहली बार किस्मत आजमा रहीं महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती श्रीगुफवारा-बिजबेहरा सीट से पीछे चल रहीं हैं. इस सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार बशीर अहमद शाह करीब 5 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं.
- सोपोर से अफजल गुरु के भाई एजाज गुरु भी अपनी किस्मत आजमां रहे हैं, उन्हें तीन राउंड की गिनती के बाद महज़ 53 वोट मिले हैं. इस सीट पर NC कैंडिडेट इरशाद रसूल कर आगे चल रहे हैं. वहीं दूसरे स्थान पर कांग्रेस के अब्दुल रशीद डार हैं.
- बारामूला सीट से सांसद इंजीनियर राशिद के भाई खुर्शीद अहमद शेख लांगेट विधानसभा सीट से पीछे चल रहे हैं.
- किश्तवाड़ से बीजेपी प्रत्याशी शगुन परिहार आगे चल रही हैं. इस सीट पर कांटे का मुकाबला देखने को मिल रहा है, NC कैंडिडेट सज्जाद अहमद किचलू महज 400 वोटों से पीछे हैं. फिलहाल इस सीट पर चार राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है.
इसके अलावा जम्मू कश्मीर से आम आदमी पार्टी को भी अच्छी खबर मिलती दिख रही है, डोडा से AAP कैंडिडेट मेहराज मलिक आगे चल रहे हैं. वह बीजेपी उम्मीदवार गजय सिंह राणा को कड़ी चुनौती दे रहे हैं.
