Islamabad Mosque Blast: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान शिया मस्जिद (इमामबाड़ा) में आत्मघाती हमला हुआ। प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक, इस हमले में 31 लोगों की मौत हुई है और लगभग 169 लोग घायल हुए हैं। शुरुआती मीडिया रिपोर्ट्स में मृतकों की संख्या अधिक बताई गई थी, करीब 69। हमले की जानकारी मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया और सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया।
Islamabad Mosque Blast: इमरजेंसी लागू, हताहत बढ़ने की आशंका
इस्लामाबाद पुलिस के चीफ ने पूरे शहर में इमरजेंसी घोषित कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अभी हताहतों की संख्या बढ़ सकती है। फिलहाल तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हमला शहजाद टाउन इलाके में हुआ। विस्फोट के बाद लोग इधर-उधर बिखरे नजर आए और रेस्क्यू टीम घायलों को तुरंत अस्पताल ले गई। मृतकों के शवों की पहचान और उनकी अंतिम प्रक्रिया भी जारी है।

Islamabad Mosque Blast: राष्ट्रपति और मंत्रियों की प्रतिक्रिया
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हमले में मारे गए लोगों के लिए गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, बेगुनाह लोगों को निशाना बनाना पूरी तरह से इंसानियत के खिलाफ है। जरदारी ने अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
पार्लियामेंट्री अफेयर्स मंत्री डॉ. तारिक फजल चौधरी ने सोशल मीडिया पर लिखा,इस्लामाबाद में हुए इस घातक धमाके की मैं कड़ी निंदा करता हूं। ऐसी घटनाएं देश और लोगों का हौसला नहीं तोड़ सकती। हमें एकजुट होकर शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था संभालने वाली एजेंसियों का समर्थन करना होगा।
