IPL गवर्निंग काउंसिल की मीटिंग के बाद रिटेंशन पॉलिसी का ऐलान किया गया था. इसके बाद ये तस्वीर साफ हो गई है कि इस बार आईपीएल में क्या कुछ नया होगा. अब सभी को रिटेंशन की लिस्ट का इंतजार है, जिसके बाद ही पता चल पाएगा कि कौन सी टीम ने किस खिलाड़ी को रिटेन किया है. क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑक्शन से पहले रिटेन किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट को आखिरी रूप देने और जमा करने के लिए फ्रैंचाइजी के पास 31 अक्टूबर, 2024 को शाम 5 बजे तक का समय है.
कैप्ड खिलाड़ियों में होंगे शामिल
आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन से जुड़ी एक और बड़ी खबर सामने आई है. अगर कोई भी खिलाड़ी 31 अक्टूबर से पहले इंटरनेशनल डेब्यू करता है तो वह कैप्ड खिलाड़ी माना जाएगा. जैसे हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हुआ है. इस टीम में मयंक यादव, हर्षित राणा और नितीश कुमार को जगह मिली है. इनमें से जिस भी खिलाड़ी को बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज में खेलने का मौका मिलेगा, वो कैप्ड खिलाड़ियों की लिस्ट में आ जाएगा. ये खिलाड़ी फिलहाल अनकैप्ड हैं.
IPL 2025 के लिए रिटेंशन के नियम
आईपीएल 2025 से पहले सभी टीमें ज्यादा से ज्यादा 6 प्लेयर्स को रिटेन कर सकती हैं, जिसमें राइट टू मैच कार्ड भी शामिल रहेगा. अगर टीमें ऑक्शन से पहले ही 6 खिलाड़ियों को रिटेन करती हैं तो उसके पास ऑक्शन में RTM कार्ड नहीं होगा. यानी फ्रैंचाइजी जितने कम खिलाड़ी रिटेन करेंगी, उसके पास उतने ही राइट टू मैच कार्ड बढ़ जाएंगे, जिसका वह ऑक्शन में इस्तेमाल कर सकती है.
