लौटते मानसून के बीच देश के कई राज्यों में बारिश
देश के अधिकांश हिस्सों से मानसून वापस लौट चुका है, लेकिन बारिश का असर जारी है। मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश में कम दबाव का क्षेत्र डिप्रेशन में तब्दील हो गया है।
जिससे प्रदेश में कई जगहों पर बारिश हो रही है। वहीं, रात में हल्की ठंड का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने कहा है कि मध्य प्रदेश में 20 अक्टूबर से शीतलहर और बढ़ने की संभावना है. हालांकि, दिन का तापमान 33-34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में दिवाली के आसपास तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना है।
अगले दो दिनों में छत्तीसगढ़ से मानसून पूरी तरह से वापस जाने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि राज्य में अब शुष्क हवा का असर दिखेगा और रात के तापमान में गिरावट आएगी। पूर्वोत्तर हवाओं ने छत्तीसगढ़ के एक बड़े हिस्से को कवर किया है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भारी बारिश के कारण चार जिलों के सभी स्कूलों और कॉलेजों को 15 अक्टूबर तक छुट्टी घोषित करने का निर्देश दिया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू को आज हाई अलर्ट पर रखा गया है।
