Hemant Soren vs Center: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुमका के गांधी मैदान में जेएमएम के 47वें झारखंड दिवस समारोह में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार को चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि वह न सिर्फ अपने प्रदेश के उन अधिकारों को वापस पाने के लिए लड़ेंगे जो केंद्र के पास हैं, बल्कि अगर जरूरत पड़ी तो कोर्ट भी जाएंगे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया.
केंद्र पर CM के आरोप
CM सोरेन ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि संवैधानिक शक्तियों को जेब में रखकर और वोट चोरी कर प्रजातंत्र के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. भले ही हम मानसिक, बौद्धिक और आर्थिक तौर पर कमजोर हैं, लेकिन बेवकूफ नहीं है. हमारे खिलाफ किए जा रहे राजनीतिक षड्यंत्र को भली भांति समझते हैं और उसका जवाब भी देना जानते हैं.

Hemant Soren vs Center: शिबू सोरेन को किया याद
दरअसल, मुख्यमंत्री सोरेन संथाली भाषा में लोगों को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने शिबू सोरेन को याद करते हुए कहा कि काफी मेहनत से उन्होंने इस प्रदेश को अलग कराया. यहां के लोगों को उनका अधिकार दिलाने के लिए काफी कष्ट उठाए. उन्होंने जो मार्ग दिखाया हमलोग उस पर चलते हुए झारखंड को और आगे बढ़ाएंगे.

लोगों से एकजुट होने का आह्वान
सीएम सोरेन ने लोगों से एकजुट होने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि आप सब की बदौलत ही हम यहां हैं. आप ऐसे ही एकजुट होकर हमारा साथ देते रहे. अगर आप अपना अधिकार प्राप्त करना चाहते हैं तो अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दें ताकि समाज में वे बेहतर दर्जा प्राप्त कर प्रदेश को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दे सकें.
साथ ही CM ने दुमका में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया।
