Haryana politics: हरियाणा की सियासत में बजट सत्र समाप्त होते ही राजनीतिक बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। राज्यसभा चुनाव और विधानसभा की कार्यवाही को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष, खासकर कांग्रेस, पर तीखा प्रहार किया है। बुधवार को उन्होंने कांग्रेस की स्थिति को ‘निराशाजनक’ बताते हुए इनेलो पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
राज्यसभा चुनाव पर कांग्रेस पर निशाना साधा

बजट सत्र के समापन के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री सैनी ने राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव पूरी तरह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सम्पन्न हुआ और उनके उम्मीदवार संजय भाटिया विजयी हुए।
सीएम सैनी बोले, “मैंने पहली बार देखा कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी और दो बार मुख्यमंत्री रह चुके नेता पोलिंग एजेंट बने। इससे साफ है कि राहुल गांधी को अपने ही विधायकों पर भरोसा नहीं है।” उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस अब काफी कमजोर हो चुकी है और जनता का विश्वास भी उस पार्टी से उठ चुका है।
इनेलो पर ‘बी टीम’ होने के लगाये आरोप
निर्दलीय उम्मीदवार के मुद्दे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी ने केवल एक ही उम्मीदवार उतारा था। उन्होंने कहा, “निर्दलीय उम्मीदवार हमने नहीं खड़ा किया, वे स्वयं मैदान में उतरे थे।”
इस दौरान CM सैनी ने इनेलो पर कांग्रेस की ‘बी टीम’ होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में इनेलो ने कांग्रेस को मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास किया और पूरी तरह उसी के पक्ष में खड़ी नजर आई।
बजट सत्र को ऐतिहासिक करार दिया
मुख्यमंत्री सैनी ने फिर हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने बताया कि इस बार 13 बैठकें हुईं और कुल 55 घंटे तक सकारात्मक चर्चा चली, जो अब तक का सबसे लंबा सत्र रहा। उन्होंने 2 मार्च को पेश किए गए राज्य बजट का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी सदस्यों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए और तीन प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुए | इसके आगे आठ विधेयकों पर विस्तृत चर्चा की गई।
सत्र के अंतिम दिन गुजरात के राज्यपाल द्वारा प्राकृतिक खेती पर दिए गए विचारों की भी सराहना की गई। मुख्यमंत्री सैनी ने विधानसभा अध्यक्ष और सभी सदस्यों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार पारदर्शिता के साथ काम कर रही है।
