मध्यप्रदेश के ग्वालियर में ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। 47 वर्षीय व्यक्ति ने कथित रूप से 20 लाख रुपए हारने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सिकंदर कंपू थाना क्षेत्र के गिरवाई इलाके की है।
सुसाइड नोट में दो लोगों को ठहराया जिम्मेदार
मृतक की पहचान रवि चौहान उर्फ रवि ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए राजेंद्र शर्मा और रौनक गुप्ता को जिम्मेदार बताया है। नोट में यह भी लिखा गया है कि वह ऑनलाइन मैच सट्टे में 20 लाख रुपए हार गया था और इसमें कथित रूप से डेढ़ लाख रुपए की बेइमानी भी हुई। रवि ने सुसाइड नोट में यह भी उल्लेख किया कि उसकी मौत के बाद बकाया रकम रौनक से लेकर उसकी मां को दिलाई जाए। साथ ही, उसने राजेंद्र शर्मा को अपनी मौत की जानकारी देने और पत्नी प्रिया तक संदेश पहुंचाने की बात भी लिखी।
घर में अकेले था, मां ने देखा फंदे पर लटका
जानकारी के अनुसार, रवि अपनी वृद्ध मां आशा ठाकुर के साथ किराए के मकान में रहता था। मंगलवार शाम वह घर में अकेला था। जब उसकी मां घर लौटीं तो उन्होंने रवि को कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया।परिजनों और आसपास के लोगों की मदद से उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
नशे और सट्टे की लत से बिगड़ा पारिवारिक जीवन
बताया जा रहा है कि रवि को नशे और ऑनलाइन सट्टे की लत थी। इसी वजह से उसकी पत्नी प्रिया कुछ समय पहले उसे छोड़कर बेटे के साथ अलग रहने लगी थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है और जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनसे पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
