Drugs Free Uttarakhand: उत्तराखंड के नैनीताल के हल्द्वानी के MB मैदान में रविवार को ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ अभियान के तहत जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए और स्कूली बच्चों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है और जनसहभागिता बेहद जरूरी है।

‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’
हल्द्वानी के MB मैदान में 12 अप्रैल को ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ अभियान के तहत एक भव्य जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, युवाओं और स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री धामी भी मौजूद रहे और उन्होंने स्वयं मैराथन में प्रतिभाग कर युवाओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने उपस्थित बच्चों और युवाओं को संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पूरे समाज को खोखला बना देता है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील की, और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक रहने को कहा।
Drugs Free Uttarakhand: जागरूकता अभियान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि, राज्य सरकार ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ के लक्ष्य को लेकर गंभीरता से काम कर रही है। स्कूलों और कॉलेजों में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को सही दिशा मिल सके। इसके साथ ही प्रशासन द्वारा नशे के तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और ऐसे लोगों को चिन्हित कर जेल भेजा जा रहा है.

हर वर्ग की भागीदारी जरूरी
CM ने कहा कि, उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के लिए केवल सरकार के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। अभिभावकों, शिक्षकों और युवाओं को मिलकर अभियान को सफल बनाना होगा। मुख्यमंत्री धामी ने वर्ष 2026 तक ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ बनाने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही इस लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
