मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार कैप्सूल टैंकर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया। यह हादसा जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर गाड़ा सरई थाना क्षेत्र के किकरा तालाब गांव के पास हुआ।
टायर बदलते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परसवाह गांव के रहने वाले लोग सिलयारी गांव से एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी पिकअप गाड़ी का टायर पंक्चर हो गया। रात करीब 12:30 बजे वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर ड्राइवर टायर बदल रहा था। इस दौरान गाड़ी में सवार अन्य लोग नीचे उतरकर सड़क किनारे बैठे थे। तभी अमरकंटक की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कैप्सूल टैंकर ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे मौजूद लोगों को कुचल दिया।
एक ही परिवार के थे सभी मृतक
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग एक ही परिवार से जुड़े थे, हालांकि वे अलग-अलग गांवों में निवास करते थे। राज करण वनवासी (35), बिहारी (50), बिहारी का 32 वर्षीय बेटा, पवन मरावी (35), बिसाहू धुर्वे (58) हादसे के बाद टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी एक मढ़िया, बिजली के पोल और यात्री प्रतीक्षालय से टकरा गया। टक्कर के बाद वाहन करीब 300 मीटर दूर जाकर रुका। आसपास के ढांचे भी क्षतिग्रस्त हो गए।
मुआवजे का ऐलान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया.प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को रेड क्रॉस सोसायटी से 50-50 हजार रुपए की तत्काल सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा संबल योजना के तहत प्रत्येक परिवार को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक मदद भी दी जाएगी।
हाईवे पर सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। रात के समय सड़क किनारे खड़े वाहनों और यात्रियों की सुरक्षा के लिए ठोस उपायों की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
