
हर धर्म का सम्मान बनाए रखना जरूरी है
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पैगंबर साहिब के अपमान के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है। सीएम योगी ने कहा कि इष्ट देवताओं, महापुरुषों या साधुओं-संतों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी किसी भी जाति, धर्म या संप्रदाय से संबंधित अस्वीकार्य है। लेकिन विरोध के नाम पर अराजकता भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने त्योहारों के मद्देनजर सोमवार को मुख्य सचिव, डीजीपी, अपर मुख्य सचिव गृह और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि हर धर्म और संप्रदाय के प्रति सम्मान बनाए रखना आवश्यक है। महापुरुषों के प्रति हर नागरिक के मन में कृतज्ञता का भाव होना चाहिए, लेकिन इसे किसी पर जबरदस्ती नहीं थोपा जा सकता।
अराजकता की कीमत चुकानी पड़ेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति आस्था से खेलता है, महापुरुषों, देवी-देवताओं, संप्रदायों आदि की आस्था के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी करता है तो उसे कानून के दायरे में लाकर कड़ी सजा दी जाएगी। लेकिन सभी धर्मों और संप्रदायों के लोगों को एक-दूसरे का सम्मान करना होगा। विरोध के नाम पर अराजकता, तोड़फोड़ या आगजनी अस्वीकार्य है, जो भी ऐसा करने की हिम्मत करेगा उसे कीमत चुकानी होगी।