CM Sukhu Health Infrastructure: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को विश्वस्तरीय बनाने के लिए बड़े निवेश और प्रशासनिक सुधारों का खाका तैयार किया है. स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आगामी अप्रैल महीने से राज्य के अस्पतालों के लिए 3,000 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद शुरू की जाएगी.
CM ने लिया बड़ा फैसला
स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतरता बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री सुक्खू ने एक बड़ा नीतिगत फैसला लेते हुए स्वास्थ्य सेवाएं विभाग में 300 डॉक्टरों का ‘प्रशिक्षण और अवकाश रिजर्व कोटा’ बनाने के निर्देश दिए हैं. इससे जब डॉक्टर PG कोर्स या लंबी छुट्टी पर जाएंगे, तो उनकी जगह पर सेवाएं बाधित नहीं होंगी और रिक्तियों को तुरंत भरा जा सकेगा.

मेडिकल कॉलेजों में बैच किए जाएंगे छोटे
चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कड़े निर्देश दिए. साथ ही मेडिकल कॉलेजों में छात्रों के बैच छोटे किए जाएंगे. किसी भी क्लास में 60 से ज्यादा छात्र नहीं होंगे. बेहतर पढ़ाई के लिए सरकार नए आधुनिक लेक्चर थिएटरों के निर्माण में आर्थिक सहायता प्रदान करेगी.
CM Sukhu Health Infrastructure: रोबोटिक सर्जरी की सुविधा
मुख्यमंत्री ने बताया कि IGMC शिमला में जल्द ही पैट स्कैन और रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू की जाएगी. वर्तमान में चमियाना सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल और टांडा मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा पहले से दी जा रही है. सरकार का लक्ष्य है कि मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े.
