युवा ही हमारे प्रदेश के भविष्य हैं
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय युवा दिवस महोत्सव के दाैरान रायपुर में युवाओं काे संबाेधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति के हाथों ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की बुलंद इमारत खड़ी होगी।युवाओं की शक्ति और संकल्प के बल पर ही हम प्रदेश के नवनिर्माण की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं,युवा हमारे प्रदेश के भविष्य है।
आधुनिक भारत के निर्माण में स्वामी विवेकानंद जी की है भूमिका
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में स्वामी विवेकानंद जी की बड़ी भूमिका है। उन्होंने 1893 में शिकागो के विश्व धर्म सम्मेलन में जो ऐतिहासिक वक्तव्य दिया, उससे पूरी दुनिया भारतीय चिंतन के आगे नतमस्तक हो गई। स्वामी जी ने अपने संबोधन की शुरूआत अमेरिकन भाइयों एवं बहनों से की। यह वसुधैव कुटुम्बकं के भारतीय दर्शन के अनुरूप था। उस समय अमेरिकन अखबारों ने लिखा था कि स्वामी जी को सुनकर हमें भारत की सनातन परंपरा के गहरे मूल्यों के बारे में पता चला जिनके बारे में हम सोच भी नहीं सकते थे।
छत्तीसगढ़, स्वामी विवेकानंद की पुण्य स्थली रहा है
मुख्यमंत्री साय ने रविवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ के अवसर पर रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित तीन दिवसीय राज्य युवा महोत्सव के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़, स्वामी विवेकानंद की पुण्य स्थली रहा है, स्वामी विवेकानंद ने किशोरावस्था के अपने दो बरस यहां डे भवन में व्यतीत किए। जब कोई हवाई मार्ग से रायपुर आता है तो उसे विमानतल का नाम स्वामी विवेकानंद के नाम पर देखकर महसूस हो जाता है कि इस शहर का संबंध स्वामी विवेकानंद से रहा होगा,वहां से शहर के सबसे सुरम्य स्थल विवेकानंद सरोवर तक हर जगह स्वामी विवेकानंद के प्रति इस शहर का आदर नजर आता है।
