श्योपुर: मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में बोत्सवाना से लाए गए 9 चीतों का क्वारंटाइन पीरियड पूरा हो गया है। शनिवार सुबह इन्हें सॉफ्ट रिलीज बाड़ों में शिफ्ट कर दिया गया। यह प्रक्रिया ‘चीता प्रोजेक्ट’ के तहत एक अहम चरण मानी जा रही है।
6 मादा और 3 नर चीतों को किया गया शिफ्ट
वन विभाग के अनुसार, इन 9 चीतों में 6 मादा और 3 नर शामिल हैं, जिन्हें 28 फरवरी 2026 को कूनो लाया गया था। क्वारंटाइन अवधि के दौरान सभी चीतों की स्वास्थ्य जांच और व्यवहार पर लगातार निगरानी रखी गई.अधिकारियों ने बताया कि सभी चीते पूरी तरह स्वस्थ हैं और नए वातावरण में अच्छी तरह ढल रहे हैं।
क्या है सॉफ्ट रिलीज का मकसद
वन्यजीव विशेषज्ञों के मुताबिक, सॉफ्ट रिलीज बाड़ों में चीतों को सीमित क्षेत्र में रखा जाता है, ताकि वे प्राकृतिक परिस्थितियों के अनुरूप खुद को तैयार कर सकें। इस दौरान वे शिकार करना सीखते हैं और अपने क्षेत्र को पहचानते हैं।
विशेषज्ञों की टीम रख रही निगरानी
चीता प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारी और विशेषज्ञ लगातार चीतों की गतिविधियों, खानपान और व्यवहार पर नजर बनाए हुए हैं। किसी भी संभावित समस्या से निपटने के लिए टीम पूरी तरह तैयार है।एपीसीसीएफ एवं फील्ड डायरेक्टर ने इस प्रक्रिया के सफलतापूर्वक पूरा होने की पुष्टि की है।
कूनो में बढ़ा. चीतों का कुनवा
मौजूदा समय में कूनो नेशनल पार्क में चीतों की कुल संख्या करीब 50 तक पहुंच गई है। यह भारत के चीता पुनर्वास अभियान के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है.वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इसी तरह निगरानी और प्रबंधन जारी रहा, तो आने वाले समय में भारत में चीतों की संख्या और स्थिरता दोनों में सुधार देखने को मिल सकता है।
