
CG Panchayat Election: छत्तीसगढ़ में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के लिए दूसरे चरण की वोटिंग चल रही है।सुबह से ही पोलिंग बूथों में कतार लगी है। पेंड्रा में वोटिंग के बाद मतदाताओं को RO-ARO ने पौधा भेंट किया। बिलासपुर के बिल्हा, मैनपाट और सूरजपुर में भी लोग कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
वोटिंग को लेकर लोगों में उत्साह
दुर्ग जिले के पाटन विकास खंड के सेलूद, कौही, अचानपुर, धमना, खुड़मुड़ी में भी मतदान हो रहा है। सुबह से भी मतदान केंद्रों में वोटर्स की लाइन लगी है। यहां बुजुर्गों और दिव्यांगों में भी मतदान को लेकर उत्साह दिख रहा है। सुबह व्हीलचेयर से दिव्यांग महिला मतदान करने पहुंची। पोलिंग बूथों के बाहर सेल्फी जोन भी बनाए गए हैं। वोटिंग के बाद लोग सेल्फी ले रहे हैं।
इतनी पंचायतों के लिए चुनाव
26 हजार 988 पंच पद, 3 हजार 774 सरपंच पद, 899 जनपद सदस्य और 138 जिला पंचायत सदस्य के लिए चुनाव हो रहे हैं। इसके लिए 9 हजार 738 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। वहीं पंच के 65 हजार 716, सरपंच के 15 हजार 217, जनपद सदस्य के 3 हजार 885 और जिला पंचायत सदस्य के लिए 699 कैंडिडेट्स चुनाव लड़ रहे हैं।46 लाख 83 हजार से अधिक मतदाता प्रत्याशियों का फैसला करेंगे। इनमें 23 लाख 17 हजार 492 पुरुष, 23 लाख 66 हजार 157 महिला और 87 अन्य वोटर्स है।
इन जगहों पर वोटिंग
CG Panchayat Election: राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि आज ही मतदान केन्द्रों में मतगणना की जाएगी। 43 विकासखंडों में मतदान हो रहे हैं। जिन विकासखंडों में दूसरे चरण के लिए मतदान हो रहे हैं, उसमें बिलासपुर जिले के विकासखंड बिल्हा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के विकासखंड पेंड्रा शामिल है।
कोरबा के विकासखंड पोड़ी-उपरोड़ा
रायगढ़ के विकासखंड खरसिया और धरमजयगढ़
सारंगढ़-बिलाईगढ़ के विकासखंड बिलाईगढ़
मुंगेली के लोरमी विकासखंड
जांजगीर-चांपा के नवागढ़ विकासखंड
सक्ती के मालखरौदा विकासखंड
सूरजपुर के विकासखंड रामानुजनगर और प्रेमनगर
बलरामपुर के विकासखंड बलरामपुर
सरगुजा के विकासखंड सीतापुर और मैनपाट
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के विकासखंड मनेन्द्रगढ़
जशपुर के विकासखंड जशपुर, मनोरा, दुलदुला और कुनकुरी
रायपुर के विकासखंड धरसींवा और तिल्दा नेवरा
बलौदाबाजार के विकासखंड कसडोल
गरियाबंद के विकासखंड छुरा
महासमुंद के विकासखंड पिथौरा और बागबहरा
धमतरी के विकासखंड कुरूद
दुर्ग के विकासखंड पाटन
बालोद के विकासखंड बालोद
राजनांदगांव के विकासखंड छुरिया
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के विकासखंड खैरागढ़
मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी के विकासखंड मोहला
कबीरधाम के विकासखंड बोड़ला और पंडरिया
कोंडागांव के विकासखंड फरसगांव और माकड़ी
बस्तर के विकासखंड बस्तर और लोहण्डीगुड़ा
उत्तर बस्तर कांकेर के विकासखंड भानुप्रतापपुर, दुर्गूकोंदल
दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिला के कटेकल्याण
सुकमा के छिन्दगढ़
बीजापुर जिला के विकासखंड भोपालपटनम और ऊसू
