Border Gavaskar 2024-25: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 के अब तक 3 मैच खेले जा चुके हैं, और सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। ऐसे में चौथा टेस्ट दोनों टीमों के लिए बेहद अहम साबित होगा। यह मुकाबला 26 दिसंबर से मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा, जो कि बॉक्सिंग डे टेस्ट होगा। क्रिसमस के बाद 26 दिसंबर से शुरू होने वाला टेस्ट मैच हर साल बॉक्सिंग डे टेस्ट के नाम से जाना जाता है। इस बार पाकिस्तान की टीम भी बॉक्सिंग डे टेस्ट खेलेगी, जहां उसका सामना साउथ अफ्रीका से होगा।
साउथ अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच बॉक्सिंग डे टेस्ट
पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस समय साउथ अफ्रीका के दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच टी20 और वनडे सीरीज हो चुकी हैं। अब, 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी, जिसका पहला टेस्ट 26 दिसंबर से सेंचुरियन में होगा। यह मुकाबला भी बॉक्सिंग डे टेस्ट होगा। इस सीरीज पर सभी की नजरें टिकी हैं, क्योंकि साउथ अफ्रीका वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिए केवल एक जीत दूर है। इस सीरीज का दूसरा मैच 3 जनवरी, 2025 से केप टाउन में खेला जाएगा।
पहली बार बॉक्सिंग डे टेस्ट खेलेगी अफगानिस्तान
इस बार बॉक्सिंग डे टेस्ट मैचों की सूची में एक नया नाम भी जुड़ने जा रहा है। जिम्बाब्वे में अफगानिस्तान की टीम पहली बार बॉक्सिंग डे टेस्ट खेलने उतरेगी। यह मैच 26-30 दिसंबर तक बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह पहला अवसर होगा जब अफगानिस्तान बॉक्सिंग डे टेस्ट में भाग लेगा।
जिम्बाब्वे में बॉक्सिंग डे टेस्ट की वापसी
जिम्बाब्वे के लिए भी यह मैच खास है, क्योंकि जिम्बाब्वे में 28 साल बाद बॉक्सिंग डे टेस्ट की वापसी हो रही है। आखिरी बार जिम्बाब्वे ने 1996 में हरारे स्पोर्ट्स क्लब में इंग्लैंड के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट खेला था, जो बारिश के कारण ड्रॉ रहा था। उसके बाद से जिम्बाब्वे में कोई बॉक्सिंग डे टेस्ट नहीं खेला गया। हालांकि, जिम्बाब्वे ने 2000 में न्यूजीलैंड और 2017 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच खेले थे।
इस बार क्रिकेट फैंस को एक साथ तीन बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच देखने का मौका मिलेगा। भारत-ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका-पाकिस्तान, और जिम्बाब्वे-अफगानिस्तान के बीच होने वाले ये मैच एक साथ 26 दिसंबर से शुरू होंगे, हालांकि भारतीय समयानुसार इन मैचों की टाइमिंग अलग-अलग होगी।
