Begusarai Murder Case: बिहार के बेगूसराय में गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचे स्टूडेंट की हत्या कर दी गई। लड़की के बुलाने पर स्टूडेंट देर रात उसके घर पहुंचा। वहां पहले से तैयार बैठे लड़की के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को युवक के घर से करीब 500m दूर खेत में फेंक दिया।

मृतक की पहचान शंभू सहनी के 19 साल बेटे विशाल कुमार के रूप में हुई। विशाल ग्रेजुएशन का छात्र था। शव मिलने और उसके दोस्तों की शिकायत के बाद पुलिस ने लड़की और उसके पिता को हिरासत में ले लिया है। घटना बेगूसराय जिले के बखरी थाना क्षेत्र के गोढ़ियारी गांव का है।
प्यार की शुरूआत
12वीं पास करने के बाद मृतक विशाल ने बेगूसराय के बखरी में कंप्यूटर इंस्टिट्यूट में दाखिला लिया था। इसी इंस्टिट्यूट में एक लड़की काम करती थी, जिसका घर विशाल के घर से करीब 1 KM दूर है। मृतक के दोस्त राहुल ने बताया कि कंप्यूटर क्लास के दौरान विशाल की बातचीत इंस्टिट्यूट में काम करने वाली लड़की से हुई। इस दौरान दोनों ने नंबर लिया और फिर घंटों बातचीत करने लगे।
भाई को हुआ शक
दोनों के बीच चैटिंग होती थी। दोस्त राहुल के अनुसार, एक दिन लड़की के भाई को शक हुआ और उसने अपनी बहन का मोबाइल फोन अपने पास ले लिया। फोन चेक करने पर उसे दोनों के रिलेशन की जानकारी मिली। इसके बाद लड़की के भाई ने विशाल को बुलाया और दोनों को डांटा। उसने अपनी बहन और मृतक विशाल को समझाते हुए कहा कि अभी उनकी पढ़ाई की उम्र है और इस तरह की बातें ठीक नहीं हैं। घटना के बाद कुछ दिनों तक विशाल और उसकी गर्लफ्रेंड के बीच बातचीत बंद रही। बाद में दोनों ने Whatsapp छोड़कर Snapchat के जरिए बातचीत शुरू कर दी।

गर्लफ्रेंड ने घर बुलाया
समस्तीपुर में कॉलेज खत्म होने के बाद दोनों ने कुछ वक्त साथ बिताया और देर शाम एक ही ट्रेन से बेगूसराय लौट आए। इसी दौरान किसी ने दोनों को साथ में देख लिया और इसके बारे में लड़की के भाई को बता दिया। इसके बाद लड़की के परिजनों ने उसे फोन कर विशाल को बुलाने के लिए कहा। परिजनों के कहने पर विशाल लड़की से मिलने उसके घर के पास पहुंचा। तो उसकी हत्या कर दी। वहीं, मंगलवार सुबह उसकी मौत की सूचना सामने आई।

खेत में मिला शव
मृतक के परिजनों ने बताया कि 7 अप्रैल को सुबह विशाल घर में नहीं था, हमें लगा टहलने गया होगा। उसे फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया। काफी देर तक वापस नहीं लौटा तो उसकी खोजबीन शुरू की गई। इसी दौरान सूचना मिली कि कामास्थान आरा मिल के पास एक खेत में युवक का शव पड़ा है। खबर मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा की शव विशाल का है। उसके पास एक रस्सी भी पड़ी हुई थी।”
Begusarai Murder Case: भाई फरार
राहुल और विशाल के दोस्तों के बयान के आधार पर पुलिस ने लड़की और उसके पिता को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, लड़की का भाई फरार है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
