बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यात्रियों से भरी बस दाउलतदिया घाट पर फेरी में चढ़ाते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से पद्मा नदी में गिर गई। इस हादसे में अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।
बस में सवार थे करीब 40 यात्री
अधिकारियों के अनुसार, बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। इनमें से ज्यादातर लोग ईद की छुट्टियां बिताकर राजबाड़ी से ढाका लौट रहे थे। हादसा बुधवार शाम को हुआ, जिसके बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। फायर सर्विस की चार टीमें और करीब 10 गोताखोरों ने बचाव अभियान चलाया। इसके साथ ही सेना, पुलिस, कोस्टगार्ड और स्थानीय प्रशासन भी रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल रहे। अब तक 23 शव बस के अंदर से निकाले गए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
घायलों में से दो महिलाओं की अस्पताल में मौत
हादसे के बाद 8 लोगों को जिंदा बचाया गया था, लेकिन उनमें से दो महिलाओं ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कुछ लोगों की तलाश अब भी जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस में सवार कई लोग एक ही परिवार के थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस को फेरी पर चढ़ाते समय चालक का नियंत्रण छूट गया, जिसके चलते कुछ ही सेकंड में बस नदी में गिर गई। हादसे के बाद कई यात्रियों ने तैरकर बाहर निकलने की कोशिश की।
6 घंटे बाद निकाली गई बस
रेस्क्यू टीम ने ‘हमजा’ नामक जहाज की मदद से करीब 6 घंटे की मशक्कत के बाद बस को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद भी गोताखोर लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। हादसे के बाद प्रशासन ने पांच सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। इस कमेटी को तीन दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, सरकार ने घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरी स्थिति पर नजर बनाए रखी है।
