क्या आप टोल टैक्स के बढ़ते खर्चों से परेशान हैं? अब आपके लिए राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने एक नई स्कीम लॉन्च की है जिसके तहत यदि आप अपनी कार में 20 किलोमीटर के दायरे में यात्रा करते हैं, तो आपको टोल टैक्स नहीं देना पड़ेगा। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए आपको कुछ शर्तों का पालन करना होगा, जिनका पालन करने पर आपकी जेब पर बोझ कम हो सकता है।
Read More: मुरैना में किशोर की मौत, ‘फ्री फायर’ गेम ने ले ली जान?
20 किलोमीटर तक टैक्स छूट ?हाल ही में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने नेशनल हाईवे फीस नियम 2008 में बदलाव किया है। इस बदलाव के तहत, यदि आपकी कार में जीएनएसएस (ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम) लगा है और वह काम कर रहा है, तो आप राष्ट्रीय राजमार्ग और एक्सप्रेस-वे में 20 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए टोल टैक्स से छूट प्राप्त कर सकते हैं। यह सुविधा उन कार चालकों के लिए है जो प्रतिदिन 20 किलोमीटर के दायरे में यात्रा करते हैं और टैक्सी कोटे वाली कारों को इसमें शामिल नहीं किया गया है।
मध्य प्रदेश में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के अंतर्गत 64 टोल प्लाजा हैं। इसके अलावा, राज्य के प्रमुख राजमार्गों पर कई और टोल प्लाजा भी हैं, जिनकी कुल संख्या लगभग 110 तक पहुंचती है। अगर आप इन टोल प्लाजा पर 20 किलोमीटर के दायरे में यात्रा करते हैं और आपकी कार में जीएनएसएस सिस्टम है, तो आप टोल टैक्स से बच सकते हैं।
जीएनएसएस और फास्टैग: एक साथ काम कैसे करें?
परिवहन विशेषज्ञ प्रदीप खंडेलवाल के अनुसार, जीएनएसएस और फास्टैग एक साथ काम कर सकते हैं। जीएनएसएस एक सैटेलाइट सिस्टम है जो आपकी गाड़ी की लाइव लोकेशन की जानकारी देता है। फास्टैग के साथ भी यह सिस्टम काम करेगा, जिससे आप बिना किसी परेशानी के टोल टैक्स से बच सकते हैं। हालांकि, इसके सुचारू रूप से काम करने के लिए सरकार को इस सुविधा को ठीक से लागू करना होगा।
नोटिफिकेशन और पायलट प्रोजेक्ट
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने जीएनएसएस के संबंध में एक नोटिफिकेशन भी जारी किया है। इसमें उल्लेख किया गया है कि नेशनल परमिट वाले वाहनों को छोड़कर, अन्य वाहन चालक जो राष्ट्रीय राजमार्ग, स्थाई पुल, बाईपास या सुरंग के उसी सेक्शन का उपयोग करेंगे, उन्हें जीएनएसएस बेस्ड सिस्टम के तहत 20 किलोमीटर तक यात्रा के लिए टैक्स नहीं देना होगा। वर्तमान में, यह पायलट प्रोजेक्ट कर्नाटक के एनएच-275 (बेंगलुरु-मैसूर सेक्शन) और हरियाणा के एनएच-709 (पानीपत-हिसार सेक्शन) पर शुरू किया गया है।
