बुलावायो में खेले जा रहे पहले टेस्ट में जिम्बाब्वे ने अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट फॉर्मेट में अपना अब तक का सर्वोच्च स्कोर बनाया। कप्तान क्रेग इर्विन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जिसके बाद जिम्बाब्वे ने 586 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह टेस्ट क्रिकेट में जिम्बाब्वे का सर्वोच्च स्कोर है।
तीन बल्लेबाजों ने जड़े शतक
जिम्बाब्वे के लिए तीन बल्लेबाजों ने शतक लगाए। सीन विलियम्स ने सबसे ज्यादा 154 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान क्रेग इर्विन ने 104 रन बनाए। ब्रायन बैनेट ने नाबाद 100 रन जोड़े। इसके अलावा बैन कर्रन ने 68 और टी. कैटनो ने 46 रनों का योगदान दिया।
23 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
इससे पहले जिम्बाब्वे का टेस्ट में सर्वोच्च स्कोर 9 विकेट पर 563 रन था, जो 2001 में वेस्टइंडीज के खिलाफ हरारे में बनाया गया था। 1995 में पाकिस्तान के खिलाफ 4 विकेट पर 544 रन बनाना उनका दूसरा सबसे बड़ा स्कोर था। इस बार जिम्बाब्वे ने इतिहास रचते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया।
अफगानिस्तान के गेंदबाजों का प्रदर्शन
अफगानिस्तान के लिए अल्लाह गजनफर सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट चटकाए। नावीद जदरान, जाहिर खान और जिया उर रहमान ने 2-2 विकेट लिए, जबकि अजमतुल्लाह ओमरजई को 1 सफलता मिली।
अफगानिस्तान की पारी का हाल
586 रनों के जवाब में अफगानिस्तान ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 2 विकेट पर 95 रन बना लिए हैं। रहमत शाह और हशमतुल्लाह शाहीदी क्रीज पर टिके हुए हैं। ओपनर सेदिकुल्लाह अटल और अब्दुल मलिक पवेलियन लौट चुके हैं। अफगानिस्तान के बल्लेबाजों पर अब बड़ी जिम्मेदारी होगी कि वे जिम्बाब्वे के विशाल स्कोर का सामना कर सकें।
