Youth found Dead Hanging: बरेली में थाना क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान गांव याकूबपुर निवासी संतोष कुमार के रूप में की गई है। परिजनों ने मारपीट के बाद हत्या कर शव को लटकाने का आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस को दी घटना की जानकारी
मृतक के पिता होरी लाल ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि – ‘रात करीब एक बजे नगर पालिका मार्केट में संतोष के ही कुछ दोस्तों और उनके 4-5 साथियों ने संतोष के साथ दुकान के भीतर गाली-गलौज और जमकर मारपीट की थी। इस दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी।’

रात भर घर नहीं लौटा युवक
परिजनों के मुताबिक, घटना वाली शाम संतोष उन्हीं संदिग्ध आरोपियों के साथ देखा गया था। पिता के टोकने और घर चलने के कहने के बावजूद वह उनके साथ ही रहा और रात भर घर नहीं लौटा।
अगले दिन, 5 मार्च की सुबह लगभग 11 बजे परिजनों को सूचना मिली कि गांव सिजौलिया स्थित एक आम के बाग में संतोष का शव पेड़ के फंदे से लटका हुआ है।
शरीर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका
मौके पर पहुंचे परिजनों का दावा है कि, संतोष के शरीर पर चोट के निशान थे। उनका आरोप है कि, आरोपियों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को पेड़ से लटका दिया ताकि यह आत्महत्या लगे। घटना के बाद से ही नामजद आरोपी अपने घरों से फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस कर रही जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उताकर पंचनाम कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम की मदद ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read – CM योगी ने किया 50 QRT वाहनों का फ्लैग ऑफ, बोले – सुरक्षा से विकास संभव
