शराब के नशे में सांड़ को उकसा रहा था युवक

BULL ATTACKS: जबलपुर में सांड को उकसाने की कीमत एक युवक को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी. युवक सांड के पास जाकर बार-बार उससे छेड़खानी कर रहा था.
BULL ATTACKS: सांड ने शराबी को पटका मौत
जबलपुर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित गैरिसन ग्राउंड में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां एक युवक सांड के नजदीक जाकर बार-बार उसको उकसा रहा था. उसकी इस हरकत से सांड भड़क गया और गुस्से में आकर उसने युवक को सींगों से उठाकर पटक दिया. हमले में घायल युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
BULL ATTACKS: हमले का वीडियो हुआ वायरल
वायरल हो रहे वीडियो में नजर आ रहा है कि युवक लगातार सांड के आसपास घूम रहा है. उसे उकसाने की कोशिश कर रहा है. काफी देर तक छेड़छाड़ के बाद सांड गुस्से में आ गया और उसने युवक को अपने सींगों में फंसाकर हवा में उछालते हुए जमीन पर पटक दिया. जमीन पर गिरते ही युवक की सांसें थम गईं. घटना के समय गैरिसन मैदान में कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने युवक को रोकने की कोशिश नहीं की. जब सांड ने युवक पर हमला किया, तब भी कोई उसे बचाने के लिए आगे नहीं आया.
BULL ATTACKS: युवक की मौत की पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया “फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. उसकी उम्र लगभग 45 से 50 साल के बीच है. हादसे के समय मृतक शराब के नशे में था और सांड को उकसा रहा था. मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.”
