5 जिलों में कर्फ्यू, 7 में इंटरनेट बंद
मणिपुर में एक महिला और दो बच्चों के शव मिलने के बाद शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन शनिवार को हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों ने मैतेई बहुल इंफाल घाटी में राज्य सरकार के तीन मंत्रियों और भाजपा के छह विधायकों के घरों पर हमला किया। भीड़ ने मंत्री सपम रंजन, सीएम बीरेन सिंह के दामाद और भाजपा विधायक आर के इमो सिंह के घरों को भी निशाना बनाया। गुस्साई भीड़ देर रात मुख्यमंत्री बीरेन सिंह के आवास पर भी पहुंची।
सुरक्षा बलों को प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े और हवा में गोलियां चलानी पड़ीं। बिगड़ते हालात को देखते हुए 5 जिलों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। साथ ही 7 जिलों में इंटरनेट सस्पेंड कर दिया गया है।

इस बीच, कुछ मंत्रियों सहित भाजपा के 19 विधायकों ने प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र लिखकर बीरेन सिंह को हटाने की मांग की है। सूत्रों के मुताबिक अगर अगले दो-तीन दिनों में हालात बिगड़ते हैं तो राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाया जा सकता है।
शनिवार को जिरिबाम में बराक नदी के किनारे दो महिलाओं और एक बच्चे का शव मिला था। संदेह है कि कुकी उग्रवादियों ने 11 नवंबर को जिरिबाम से उनका अपहरण किया था। उसी दिन, सुरक्षा बलों ने बंदूक तानने वाले 10 आतंकवादियों को मार गिराया था। जबकि कुकी-जो संगठन ने इन 10 लोगों को ग्राम रक्षक बताया था। इसके अलावा, शुक्रवार रात को एक महिला और दो बच्चों के शव पाए गए।
