खेल और पढ़ाई दोनों को साथ निभाना किसी भी क्रिकेटर के लिए एक मुश्किल काम होता है, लेकिन भारतीय क्रिकेट टीम के वेंकटेश अय्यर ने इस चुनौती को बखूबी स्वीकार किया है। टीम इंडिया के इस मल्टी-टैलेंटेड खिलाड़ी के पास न केवल क्रिकेट में विविध स्किल्स हैं, बल्कि वह शिक्षा में भी काफी रुचि रखते हैं और आज वह भारतीय क्रिकेट के सबसे पढ़े-लिखे खिलाड़ियों में शुमार हैं। वेंकटेश के पास कई डिग्रियां हैं, और उनका यह शिक्षा के प्रति प्रेम ही उन्हें क्रिकेट और अन्य क्षेत्रों में सफलता दिला रहा है।
venkatesh iyer ने की इन क्षेत्रों में पढ़ाई
आज यानी 25 दिसंबर को जब पूरा देश क्रिसमस की धूम में डूबा हुआ है, वेंकटेश अय्यर अपना 30वां जन्मदिन मना रहे हैं। एक मिडिल क्लास परिवार से आने वाले वेंकटेश ने क्रिकेट के साथ अपनी शिक्षा को कभी नहीं छोड़ा। उन्होंने बैचलर्स ऑफ कॉमर्स, एमबीए और सीए की पढ़ाई की, हालांकि सीए की डिग्री को बीच में छोड़ दिया। इसके बाद अब वह फाइनेंस में पीएचडी कर रहे हैं। वेंकटेश खुद भी कहते हैं, “शिक्षा ही जीवनभर साथ रहती है, क्रिकेट नहीं।” यही कारण है कि उन्होंने शिक्षा के महत्व को समझा और इसे अपने क्रिकेट करियर के साथ जारी रखा।
किसी भी भारतीय क्रिकेटर से ज्यादा पढ़ाई की
वेंकटेश ने जो पढ़ाई की है, वह भारतीय क्रिकेटरों में अनोखी है। अनील कुंबले, आर अश्विन और मुरली विजय जैसे कुछ क्रिकेटर इंजीनियरिंग की डिग्रियां रखते हैं, लेकिन वेंकटेश जैसा शैक्षिक स्तर अब तक किसी अन्य खिलाड़ी ने हासिल नहीं किया है। केवल पूर्व क्रिकेटर आविष्कर साल्वि ही वेंकटेश को इस मामले में टक्कर दे सकते हैं, जिन्होंने एस्ट्रो फिजिक्स में पीएचडी की थी।
करोड़ों की कमाई
वेंकटेश की शिक्षा और क्रिकेट दोनों में सफलता का फायदा उन्हें वित्तीय क्षेत्र में भी मिला है। आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 23.75 करोड़ रुपये की भारी रकम में खरीदा। इसके अलावा, उन्होंने आईपीएल से करीब 25 करोड़ रुपये पहले ही कमा लिए हैं। घरेलू क्रिकेट और ब्रांड एंडोर्समेंट से भी उनकी कमाई लगातार बढ़ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वेंकटेश अय्यर की कुल संपत्ति अब तक करीब 50 करोड़ रुपये है।
दिलचस्प बात यह है कि एमबीए की डिग्री पूरी करने के बाद उन्हें डेलोएट जैसी मल्टीनेशनल कंपनी से नौकरी का ऑफर मिला था, लेकिन उन्होंने क्रिकेट को प्राथमिकता दी और इस नौकरी को ठुकरा दिया। डेलोएट की मार्केट वैल्यू 2024 में अनुमानित 200 बिलियन डॉलर (लगभग 17 लाख करोड़ रुपये) है, जो इस कंपनी की महत्ता को दर्शाता है।
क्रिकेट में भी बेहतरीन प्रदर्शन
वेंकटेश अय्यर केवल शिक्षा में ही नहीं, बल्कि क्रिकेट में भी एक शानदार ऑल-राउंडर हैं। वह बाएं हाथ से बल्लेबाजी और दाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी करते हैं। उन्होंने टीम इंडिया के लिए 2 वनडे और 9 टी20 मैच खेले हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में, वेंकटेश ने 40 की औसत से 1536 रन बनाएं हैं और 17 विकेट भी चटकाए हैं। लिस्ट ए में उन्होंने 49 मुकाबलों में 1544 रन और 27 विकेट हासिल किए, वहीं टी20 क्रिकेट में 124 मैचों में 140 की स्ट्राइक रेट से 2896 रन और 49 विकेट उनके नाम हैं।
वेंकटेश अय्यर की यह यात्रा हमें यह सिखाती है कि सही दिशा में मेहनत, शिक्षा और खेल का सही संतुलन जीवन में सफलता का सूत्र हो सकता है।
