1 महिला भी शामिल
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में एक महिला भी शामिल है, जिसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। मुनि की रेती पुलिस के अनुसार गोपाल जायसवाल उर्फ गोपाली और रेखा साहनी ने मिलकर एक संगठित गिरोह बना रखा था। यह गिरोह अपने आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में स्मैक जैसे घातक मादक पदार्थों की तस्करी करता है।

Uttarakhand Drug Arrests: नशे का अवैध कारोबार
बीती 3 फरवरी 2026 को इनके विरुद्ध थाना मुनि की रेती में धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। टिहरी SSP आयुष अग्रवाल के निर्देशानुसार गठित टीम ने दबिश देकर दोनों को चंद्रेश्वर नगर ऋषिकेश से धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्तों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस की मुस्तैदी की पुष्टि करता है। इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान ने बताया कि रेखा साहनी पर NDPS एक्ट, आबकारी अधिनियम और मारपीट के कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय रही है।
‘अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा’
गोपाल जायसवाल उर्फ गोपाली पर NDPS एक्ट और आबकारी अधिनियम के कुल 7 मुकदमे दर्ज हैं। बताया कि नशा तस्करी के माध्यम से समाज को खोखला करने वाले अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई इस कार्रवाई से नशा माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश करने के बाद कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक योगेश चन्द्र पांडेय, उप निरीक्षक सचिन पुंडीर, अपर उप निरीक्षक लक्ष्मी पंत, आदेश शर्मा, कौशल राठौर, नीरज धारीवाल, राजीव आशा रावत आदि शामिल रहे।
संजय शर्मा की रिपोर्ट
