राज्य की प्रगति और सरकार की प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को अल्मोड़ा के हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में आयोजित चिकित्सा एवं बहुउद्देशीय शिविर में भाग लेते हुए राज्य सरकार के तीन वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया। “सेवा, सुशासन और विकास” थीम पर आधारित इस भव्य आयोजन में उन्होंने राज्य की प्रगति और सरकार की प्रतिबद्धताओं को रेखांकित किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में उत्तराखंड के शहीद आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि बीते तीन वर्षों में राज्य ने विकास के नये आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा, “मैंने मुख्य सेवक के रूप में शपथ लेते समय संकल्प लिया था कि राज्य को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर और विकसित बनाए बिना चैन से नहीं बैठूंगा।”
उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू करने को ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे उत्तराखंड पूरे देश के लिए उदाहरण बना है। इसके अलावा, भू-कानून को मजबूत बनाकर राज्य की भूमि और संस्कृति की रक्षा की गई है।
पिछले तीन वर्षों में राज्य सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल, हवाई कनेक्टिविटी और पेयजल जैसी मूलभूत सेवाओं को इंफ्रास्ट्रक्चर से जोड़ते हुए 30 से अधिक नीतियाँ बनाई हैं, जिनमें स्टार्टअप और औद्योगिक नीति प्रमुख हैं। मुख्यमंत्री ने पलायन की समस्या से निपटने और रोजगार सृजन के लिए होम स्टे योजना, लखपति दीदी योजना और सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहलों का उल्लेख किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करबला, अल्मोड़ा में रामकृष्ण मिशन द्वारा निर्मित स्वामी विवेकानंद द्वार का लोकार्पण किया और स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी।
इस मौके पर जिला बछिया योजना का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने गायों की सेवा और संरक्षण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। किसानों को स्थानीय जलवायु के अनुकूल गायें उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम में 50 विभागीय स्टाल लगाए गए, जिनके माध्यम से लोगों को चिकित्सा, समाज कल्याण और विवाह पंजीकरण जैसी सेवाएं प्रदान की गईं। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा, विधायकगण, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड को अग्रणी और आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
