गाजियाबाद की पॉश सोसायटी में भीषण आग,CM योगी ने लिया तुरंत संज्ञान

CM Yogi Reacts to Ghaziabad Tower Fire

गाजियाबाद की पॉश सोसायटी में भीषण आग,CM योगी ने लिया तुरंत संज्ञान

गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में भीषण आग लग गई। 9वीं से 13वीं मंजिल तक आग फैल गई। सीएम योगी ने अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।

गाजियाबाद की पॉश सोसायटी में भीषण आगcm योगी ने लिया तुरंत संज्ञान

गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। अभय खंड स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी की हाईराइज बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि 9वीं मंजिल से उठीं लपटें देखते ही देखते 13वीं मंजिल तक पहुंच गईं। काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।घटना के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने फ्लैट छोड़कर नीचे की ओर भागे। राहत की बात यह रही कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक अधिकांश लोग समय रहते बाहर निकल आए। फिलहाल आठ फ्लैट आग से प्रभावित बताए जा रहे हैं।

CM योगी ने लिया तत्काल संज्ञान

योगी आदित्यनाथ ने घटना का तुरंत संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी को मौके पर पहुंचकर हालात की निगरानी करने को कहा।मुख्यमंत्री ने साफ निर्देश दिए कि राहत कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन को लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आग पर जल्द काबू पाने के निर्देश दिए गए हैं।

20 दमकल गाड़ियां मौके पर, रेस्क्यू जारी

आग लगने की सूचना सुबह करीब 8:30 बजे दमकल विभाग को मिली। इसके बाद फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं।फिलहाल करीब 20 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। हालांकि राहत कार्य में तकनीकी दिक्कतें भी सामने आ रही हैं। पार्क की ऊंची दीवार की वजह से दमकल की गाड़ियों का पानी ऊपरी मंजिलों तक पर्याप्त दबाव से नहीं पहुंच पा रहा है।

9वीं से 13वीं मंजिल तक फैली आग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग बहुत तेजी से फैली। कुछ ही मिनटों में कई मंजिलें इसकी चपेट में आ गईं। लोगों ने बताया कि आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर से साफ दिखाई दे रही थीं।सोशल मीडिया पर घटना के कई वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिनमें पूरी बिल्डिंग धुएं और आग की लपटों से घिरी नजर आ रही है।

लोगों में दहशत, फ्लैट छोड़कर भागे परिवार

आग लगते ही सोसायटी में रहने वाले परिवारों में डर का माहौल बन गया। कई लोग बच्चों और बुजुर्गों को लेकर तुरंत बाहर निकल आए। पुलिस ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया है और स्थानीय लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा गया है।प्रशासन के अनुसार अभी तक किसी के अंदर फंसे होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि आग पूरी तरह बुझने के बाद सभी फ्लैट्स की जांच की जाएगी।

आग के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो सकी है। प्रशासन और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। शुरुआती अनुमान के मुताबिक शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी वजह से आग लग सकती है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।आग की वजह से करोड़ों की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। दमकल विभाग लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटा हुआ है।

 

प्रमुख खबरें