US Iran conflict: इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की मौत की अफवाहों के बीच उन्होंने रविवार शाम सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर इन दावों को खारिज कर दिया। वीडियो में नेतन्याहू एक रेस्टोरेंट में बैठकर कॉफी पीते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के जरिए उन्होंने यह संकेत दिया कि वे पूरी तरह महफूज़ हैं और उनके मारे जाने की खबरें पूरी तरह भ्रामक हैं।
AI वीडियो से फैली थी मौत की अफवाह
बताते चलें कि 13 मार्च को नेतन्याहू का एक वीडियो मैसेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। कुछ लोगों ने दावा किया कि उस वीडियो में उनके दाहिने हाथ में छह उंगलियां दिखाई दे रही हैं। इसके बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने उस वीडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) या डीपफेक तकनीक से निर्मित हुआ बताया। इसी के साथ यह अफवाह फैलने लगी कि ईरान के हमले में नेतन्याहू की हत्या हो गई है या वे जर्मनी भाग गए हैं।
हालांकि, इसके बाद में इजराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारियों ने बयान जारी कर स्पष्ट किया कि नेतन्याहू पूरी तरह सुरक्षित हैं।
ईरान ने भी खारिज की मुजतबा खामेनेई के घायल होने की खबर
इसी बीच ईरान ने भी अपने नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई के घायल होने की खबरों को गलत बताया है। ब्रिटिश मीडिया ‘द सन’ की एक रिपोर्ट के अनुसार दावा किया गया कि 28 फरवरी को अमेरिका-इजराइल के हमले में मुजतबा गंभीर रूप से घायल हो गए थे और वे कोमा में हैं। यहां तक कि उनका एक पैर काटने की भी बात कही गई थी। हालांकि ईरान के अधिकारियों ने इन सभी दावों को खारिज करते हुए कहा कि मुजतबा पूरी तरह स्वस्थ हैं।
UAE में फेक न्यूज फैलाने पर 19 भारतीय हुए गिरफ्तार
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने सोशल मीडिया पर फेक वीडियो और भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में 35 लोगों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया है। न्यूज़ एजेंसी PTI के अनुसार आरोपियों में 19 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। UAE के अटॉर्नी जनरल डॉ हमद सैफ अल शम्स ने बताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म की निगरानी के बाद यह कार्रवाई की गई है।
US Iran conflict: ईरान ने इजराइल पर ‘सेजिल’ मिसाइल से बोला धावा
इस बीच ईरान ने पहली बार इजराइल पर ‘सेजिल’ बैलिस्टिक मिसाइल दागी है। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया कि मिसाइल का निशाना इजराइल की सैन्य और रक्षा सुविधाएं थीं। गौरतलब है कि यह ठोस ईंधन से चलने वाली रणनीतिक मिसाइल है, जिसकी मारक क्षमता लगभग 2000 से 2500 किलोमीटर तक बताई जाती है।

एस जयशंकर विदेश मंत्रियों से हुए रूबरू
भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच सऊदी अरब और UAE के विदेश मंत्रियों से बातचीत की। बातचीत के दौरान मध्य पूर्व के बदलते हालात और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
