up-punjab-kerala-by-election-date-changed

त्योहारों के चलते UP, पंजाब, केरल में वोटिंग शेड्यूल में बदलाव

By : Shital Sharma
त्योहारों के चलते UP, पंजाब, केरल में वोटिंग शेड्यूल में बदलाव

यूपी, पंजाब, केरल में 14 सीटों में 13 की जगह अब 20 नवंबर को होगा मतदान

उत्तर प्रदेश, पंजाब और केरल में विधानसभा उपचुनाव की तारीखों में बदलाव किया गया है। चुनाव आयोग ने सोमवार को कहा कि तीन राज्यों की 14 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव अब 13 नवंबर के बजाय 20 नवंबर को होंगे। चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को आएंगे।

उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों, पंजाब की चार और केरल की एक सीट पर 20 नवंबर को मतदान होगा। तारीखों में बदलाव बीजेपी, कांग्रेस, आरएलडी और बीएसपी की मांग पर किया गया है।

इन पार्टियों ने बताया कि 15 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक देवजी का प्रकाश पर्व है। केरल में कलापति रस्तोलसेवम 13 से 15 नवंबर तक मनाया जाएगा। जिसकी वजह से मतदान प्रभावित हो सकता है।

महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए 20 नवंबर को चुनाव होने हैं। महाराष्ट्र में नांदेड़ लोकसभा सीट और उत्तराखंड में केदारनाथ विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव भी 20 नवंबर को होंगे।

चुनाव आयोग द्वारा आज की घोषणा में 10 राज्यों की 33 सीटों के लिए तारीखों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी यहां 13 नवंबर को मतदान होगा। झारखंड की 43 विधानसभा सीटों पर भी उसी दिन मतदान होगा। चुनाव आयोग ने 15 अक्टूबर को महाराष्ट्र और झारखंड के साथ 14 राज्यों की 48 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान किया था।