CM YOGi 2029 Economy UP: CM योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में ऐलान किया कि यूपी 2029 तक एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा कि जब उनकी सरकार आई थी तब राज्य की अर्थव्यवस्था 12 लाख करोड़ रुपये थी जो इस वित्तीय वर्ष के अंत तक 27.50 लाख करोड़ रुपये हो जाएगी। आगे कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए उनकी सरकार ने 10 प्रमुख क्षेत्रों को चिह्नित किया है।
विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि-
उत्तर प्रदेश देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है।
जब उनकी सरकार आई थी, तब राज्य की अर्थव्यवस्था 12 लाख करोड़ रुपये थी,
जो इस वित्तीय वर्ष के अंत तक 27.50 लाख करोड़ रुपये हो जाएगी।
सपा विधायक के सवाल पर सीएम का जवाब
सपा विधायक रागिनी सोनकर ने सवाल किया कि सरकार ने एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए क्या कार्य योजना बनाई है?
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि-
जो लोग कहते हैं कि भारत विकसित राष्ट्र नहीं बन सकता वही लोग उत्तर प्रदेश की आर्थिक वृद्धि पर भी सवाल उठाते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक बन रहा है।
हो सकता है कुछ लोगों को यह अच्छा न लगे क्योंकि जिनका अपना निजी एजेंडा होता है,
वे देश के विकास को नहीं देखना चाहते, लेकिन सच यह है कि देश की अर्थव्यवस्था आज विश्व में पांचवें स्थान पर पहुंच चुकी है।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2027 तक भारत पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
और 2029 तक उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए 10 प्रमुख क्षेत्र चिह्नित
सीएम ने कहा कि उनकी सरकार ने अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए 10 प्रमुख क्षेत्रों को चिह्नित किया है।
इन क्षेत्रों में औद्योगिक विकास, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, नगरीय विकास, राजस्व संग्रह, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और सेवा क्षेत्र शामिल हैं।
प्रत्येक सेक्टर की मासिक समीक्षा की जाती है और मेरे स्वयं के स्तर पर तिमाही समीक्षा होती है।
सीएम ने कहा, यह वही प्रदेश है जहां कैश डिपॉजिट (CD) रेशियो 44% था, आज यह 60% पार कर चुका है।
RBI की रिपोर्ट है कि पिछली पंचवर्षीय योजना के तहत यूपी में सबसे ज्यादा लेन-देन हुआ है,
जिनका कभी बैंक अकाउंट नही था आज जनधन के माध्यम से उनके अकाउंट में लाखों-करोड़ों जमा हैं।
वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में40 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों में से 15 लाख करोड़ जमीन पर उतारे जा चुके हैं,
जिसका सीधा मतलब 60 लाख रोजगार है।
सीएम ने कहा कि आज देश में सबसे अधिक एमएसएमई इकाइयां संचालित करने वाला राज्य यूपी बन चुका है।
पिछली सरकारों की उपेक्षा के कारण यह सेक्टर बदहाल हो गया था,
लेकिन वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना के माध्यम से इसे पुनर्जीवित किया गया।
इससे दो करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला।