UP murder: उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां शक की आग ने एक रिश्ते को खौफनाक अंजाम तक पहुंचा दिया। पांच दिनों तक ‘ब्लाइंड मर्डर’ बनी इस गुत्थी को पुलिस ने सुलझाते हुए मंगलवार को खुलासा किया कि आर्केस्ट्रा डांसर की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके ही प्रेमी ने शक होने के कारण की थी।

नहर की पुलिया के नीचे मिला था शव, मचा हडकंप
बता दें कि 11 मार्च की शाम खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहद्दीपुर के पास मैलानी नहर की पुलिया के नीचे एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव की पहचान न होने के कारण मामला पुलिस के लिए चुनौती बनकर उभरा। मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर के पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया।
UP murder: तकनीक और नेटवर्क से मृतका की हुई पहचान
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान उन्होंने आसपास के जिलों के डीजे और आर्केस्ट्रा संचालकों से संपर्क किया। कड़ी मेहनत के बाद 13 मार्च को शव की पहचान बस्ती जिले के रैने गांव निवासी सुमन गौड़ (22) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, परिजनों ने कपड़ों और सामान के आधार पर उसकी पहचान की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।

लिव-इन रिलेशनशिप में थी सुमन
पुलिस की जांच में सामने आया कि सुमन और आरोपी बबलू चौहान पिछले आठ महीनों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। दोनों खलीलाबाद के बनकटिया क्षेत्र में किराए के कमरे में रहते थे। पुलिस को पता चला कि सुमन आर्केस्ट्रा में डांसर का काम करती थी और कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए अलग-अलग जगह जाती थी।
आरोपी का शक बना सुमन की हत्या की वजह
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे सुमन पर इस बात का शक था कि वह फोन पर किसी और से बात करती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। उसने बताया कि शक धीरे-धीरे सनक में बदल गया और उसने सुमन को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
कत्ल की खौफनाक वारदात
6 मार्च को दोनों सहजनवा में एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। 7 मार्च की सुबह, लौटते समय आरोपी ने सुनसान जगह पर बाइक रोकी और सुमन का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को नहर में फेंक दिया और फरार हो गया।
आरोपी हुआ गिरफ्तार, पुलिस टीम को मिला 25 हज़ार रूपए का इनाम
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को अजगइबार घाट के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर मृतका का सामान, मोबाइल और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई। मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के इनाम से सम्मानित किया गया है। वहीं, आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
