Unnao road accident: UP के उन्नाव में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। महिला अपनी 6 साल की भतीजी के साथ बाजार गई हुई थी। रास्ते में ट्रक ने पीछे से स्कूटी को टक्कर मारी। इससे महिला और बच्ची सड़क पर गिर गई। तभी ट्रक का पहिया महिला की गर्दन से होकर गुजर गया। महिला का सिर हेलमेट समेत धड़ से अलग हो गया है। गनीमत रही की हादसे में बच्ची बाल-बाल बची है। लेकिन वह सदमे में है।

ट्रक ने मारी टक्कर
चिपियाना मोहल्ला निवासी फरहीन फातिमा (27) स्कूटी से महरा चौराहा स्थित मेडिकल स्टोर पर दवाई लेने जा रही थीं। उनके साथ में उनकी 6 साल की भतीजी जारा भी थी। शेखपुर नहर के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से स्कूटी में जोरदार टक्कर मारी। टक्कर से फरहीन सड़क पर गिर पड़ीं और ट्रक के नीचे आ गईं।
Unnao road accident: सिर धड़ से अलग
फहरीन ने हेलमेट लगा रखा था। लेकिन पहिया उनकी गर्दन के ऊपर से निकल गया। इससे फरहीन का सिर धड़ से कटकर हेलमेट समेत अलग हो गया। मौके पर ही फरहीन की मौत हो गई। जिसने भी यह मंजर देखा, उसकी रूह कांप उठी। हादसे में भतीजी जारा ट्रक की टक्कर लगने के बाद उछलकर सड़क पर दूर जा गिरी, और बाल-बाल बच गई।

बाल-बाल बची बच्ची
बच्ची सड़क किनारे रोए जा रही थी। लोगों ने गोद में उठाकर उसे शांत कराया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, परिजन भी मौके पर पहुंचे। फरहीन फातिमा की लाश देखकर उसके जेठ लईक को कुछ सूझ नहीं रहा था। वह चीख रहे थे। वह कभी मृत पड़ी फरहीन की पीठ सहलाते तो कभी मदद की गुहार लगाते नजर आए।
