Ujjain Simhasth 2028 : साल 2028 में धार्मिक नगरी उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ की आधिकारिक तारीखों की घोषणा हो चुकी है। यह भव्य धार्मिक आयोजन 27 मार्च 2028 से शुरू होकर 27 मई 2028 तक यानी 60 दिन तक चलेगा।मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है की इस बार और भी दिव्य और भव्य रुप से सिंहस्थ महाकुंभ का आयोजन होगा।

उज्जैन की धर्मनगरी और भगवान महाकाल की पावन नगरी एक बार फिर से विश्व के सबसे बड़े आध्यात्मिक मेलों में से एक सिंहस्थ महाकुंभ 2028 की मेजबानी के लिए तैयार है। आधिकारिक घोषणा के अनुसार अगला सिंहस्थ महाकुंभ 27 मार्च 2028 से शुरू होकर 27 मई 2028 तक चलेगा और हर 12 वर्षों में उज्जैन में आयोजित होने वाला यह महाकुंभ 4 प्रमुख कुंभ स्थलों (हरिद्वार, प्रयागराज, नासिक और उज्जैन) में से एक है।
Ujjain Simhasth 2028 : शिप्रा नदी के तट पर विशेष स्नान आयोजित
जानकारी के अनुसार सिंहस्थ महाकुंभ का आयोजन ज्योतिषीय गणनाओं के आधार पर होता है, जब सूर्य मेष राशि में और देवगुरु बृहस्पति सिंह राशि में प्रवेश करते हैं, तब उज्जैन में सिंहस्थ का आयोजन होता है।यह आयोजन हर 12 साल में उज्जैन में होता है और इसे सनातन धर्म के सबसे बड़े और पवित्र समागमों में से एक माना जाता है। यह वह समय होगा, जब 2 महीने तक चलने वाले महाकुंभ का आयोजन उज्जैन नगरी में होगा जिसमें देश-दुनिया से करोड़ों श्रद्धालुओं के यहां आने की संभावना है। इस दौरान शिप्रा नदी के तट पर विशेष स्नान आयोजित किए जाएंगे।
Ujjain Simhasth 2028 : 7 पर्व स्नान भी प्रस्तावित
बता दें कि इस भव्य आयोजन को लेकर मध्यप्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन ने सिंहस्थ 2028 की तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए बड़े पैमाने पर विकास कार्य और योजनाएं बनाई जा रही हैं। जिनमें सड़कों का चौड़ीकरण, नई रेल लाइनें, बिजली आपूर्ति में सुधार और अस्थायी सुविधाओं का निर्माण आदि शामिल हैं। इससे पहले यह केवल एक महीने तक होता था, लेकिन 2028 में इसे सुरक्षा व सुविधाओं को ध्यान में रखकर दो महीनों तक बढ़ाया गया है, यानी 2028 में दो महीने उज्जैन सिंहस्थ महाकुंभ का आयोजन होगा।
