ईरान-इजराइल-अमेरिका के बीच बढ़े तनाव और युद्ध जैसे हालात के दौरान विदेश में फंसे भारतीयों की चिंता लगातार बढ़ रही थी। ऐसे ही हालात में मध्यप्रदेश के उज्जैन का एक जैन परिवार भी शारजाह में फंस गया था। फ्लाइट्स बंद होने के कारण उनकी वापसी मुश्किल हो गई थी, लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री Dr Mohan Yadav की पहल के बाद यह परिवार सुरक्षित भारत लौट सका। शनिवार को उज्जैन आगमन के दौरान परिवार ने वीवीआईपी गेस्ट हाउस पहुंचकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया और उनका आभार जताया।

सीएम की पहल से संभव हुई सुरक्षित वापसी
उज्जैन निवासी अशोक तल्लेरा अपने परिवार के साथ 23 फरवरी को इंदौर से शारजाह गए थे। उनके साथ पत्नी संगीता तल्लेरा, बेटे श्रेयांस, बहू अंजलि और दो साल की पोती भी थीं। परिवार की वापसी 1 मार्च को तय थी, लेकिन इसी दौरान ईरान-इजराइल-अमेरिका के बीच युद्ध जैसे हालात बन गए। अचानक फ्लाइट्स बंद हो गईं और वे वहीं फंस गए। परिवार ने भारतीय दूतावास से संपर्क किया, लेकिन टिकटों की लंबी वेटिंग के कारण तुरंत वापसी संभव नहीं हो पा रही थी।
संकट में मुख्यमंत्री से किया संपर्क
स्थिति गंभीर होती देख परिवार ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री Dr. Mohan Yadav से संपर्क किया। बताया जाता है कि CM ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत अधिकारियों से बात की और विशेष प्रयास कर परिवार की वापसी सुनिश्चित करवाई। इसके बाद जैन परिवार को सुरक्षित भारत रवाना कर दिया गया और वे सकुशल उज्जैन पहुंच गए।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व की भी सराहना
परिवार के मुखिया अशोक तल्लेरा ने कहा कि विदेशों में आज भारतीयों का सम्मान पहले से कहीं ज्यादा बढ़ा है, जिसका श्रेय देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व को जाता है। उन्होंने कहा कि युद्ध के हालात में भी विदेशों में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार दोनों ने तेजी से प्रयास किए, जिसके कारण कई लोग सुरक्षित अपने घर लौट सके।
उज्जैन में मुख्यमंत्री का किया अभिनंदन
शनिवार को मुख्यमंत्री Dr. Mohan Yadav के उज्जैन दौरे के दौरान तल्लेरा परिवार वीवीआईपी गेस्ट हाउस पहुंचा और मुख्यमंत्री का अभिनंदन कर धन्यवाद दिया। परिवार के सदस्यों ने कहा कि अगर समय पर मदद नहीं मिलती तो विदेश में हालात और कठिन हो सकते थे। मुख्यमंत्री Dr. Mohan Yadav की तत्परता से ही वे सुरक्षित घर पहुंच पाए।
