20 जनवरी तक बंधकों को रिहा करें, नहीं तो गंभीर परिणाम होंगे
अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमास को धमकी दी है। द टाइम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक, उन्होंने इजरायली बंधकों की तत्काल रिहाई के लिए कहा है। ट्रंप ने कहा कि अगर बंधकों को 20 जनवरी तक रिहा नहीं किया गया तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।
ट्रंप का यह बयान इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की पत्नी सारा नेतन्याहू से मुलाकात के बाद आया है। सारा ने रविवार को फ्लोरिडा में ट्रंप इंटरनेशनल गोल्फ कोर्स में ट्रंप से मुलाकात की। दोनों ने साथ में डिनर भी किया। इस दौरान सारा ने ट्रंप से गाजा युद्ध और बंधकों की रिहाई के बारे में बात की।
7 अक्टूबर, 2023 को हमास ने इजरायल पर हमला किया, जिसमें 1208 इजरायली नागरिक मारे गए। हमास ने 251 इजरायली नागरिकों को बंधक बना लिया। इनमें से कुछ बंधकों की मौत हो चुकी है। 97 बंधक अभी भी हमास की कैद में हैं। इजरायली सेना के मुताबिक इनमें से 35 बंधक भी मारे गए थे।
ट्रंप इस सप्ताह पेरिस की यात्रा पर जाएंगे
ट्रंप इस सप्ताह के अंत में पेरिस जाने की योजना बना रहे हैं। वहां वह सात दिसंबर को नोट्रे डेम कैथेड्रल चर्च के पुन: उद्घाटन समारोह में भाग लेंगे। राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद ट्रंप की यह पहली विदेश यात्रा होगी।
फ्रांस सरकार ने ट्रंप को उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप की टीम कई दिनों से फ्रांस के अधिकारियों से इस यात्रा के बारे में बात कर रही थी।
ट्रंप ने न्योता मिलते ही फ्रांस जाने पर सहमति जता दी है। ट्रंप को नोट्रे डेम कैथेड्रल से बहुत लगाव है। अप्रैल 2019 में जब यहां आग लगी थी तो ट्रंप ने इस पर दुख जताया था। इस कार्यक्रम में 50 राज्यों के प्रमुखों के शामिल होने की उम्मीद है।
