बॉलीवुड में ऐसे कुछ ही सितारे हैं, जिनकी हर किसी के साथ अच्छी बनती है और जिनका सभी से गहरा दोस्ताना होता है। सालों पहले ऐसा कुछ हुआ था जिसे बॉलीवुड ने पहले कभी नहीं देखा था—बड़े-बड़े सितारे एक जगह इकट्ठा हुए, और वो सिर्फ और सिर्फ संजय दत्त का समर्थन करने के लिए।
तारीख थी 6 जुलाई 1994, और जगह थी ठाणे इंटरमीडिएट जेल, महाराष्ट्र। जेल के अंदर बॉलीवुड का एक मशहूर एक्टर कैद था और बाहर फिल्म इंडस्ट्री के तमाम सितारों की भीड़ थी। दिलीप कुमार से लेकर शाहरुख खान, सलमान खान, अक्षय कुमार और सैफ अली खान जैसे कई नामी कलाकार जेल के बाहर इकट्ठे थे। सभी के हाथों में एक पोस्टर था, जिस पर लिखा था, “संजू, वी आर विद यू” यानी “हम तुम्हारे साथ हैं”। अब तक तो आप समझ गए होंगे कि बात संजय दत्त की हो रही है।
संजय दत्त वो एक्टर हैं, जिनका हर किसी से अच्छा रिश्ता रहा है, और जब वो मुश्किल दौर से गुज़र रहे थे, तब पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री ने उनका साथ दिया। यह घटना 1993 में मुंबई बम धमाकों के समय की है, जब संजय के घर से अवैध हथियार बरामद किए गए थे। अवैध हथियार रखने के आरोप में उन्हें जेल भेजा गया था और मामला इतना बढ़ गया कि उन पर देशद्रोह तक का आरोप लग गया। इसी मुश्किल घड़ी में, संजय दत्त को भावनात्मक रूप से सपोर्ट करने के लिए पूरा बॉलीवुड उनके साथ खड़ा था।
अगर इस पूरे मामले की बात करें, तो 12 मार्च 1993 को शुक्रवार के दिन मुंबई में बम धमाकों ने देश को झकझोर कर रख दिया था। धमाकों में करीब 257 लोगों की जान चली गई थी और 1000 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। 19 मार्च को, धमाकों के ठीक सात दिन बाद, संजय दत्त का नाम इस मामले में सामने आया। पुलिस ने उन्हें अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया, जो उन्हें गैंगस्टर अबू सलेम ने दिए थे।
संजय दत्त की जिंदगी का यह कठिन दौर था, लेकिन इंडस्ट्री का अटूट समर्थन उन्हें मिला, जिसने उनकी वापसी में अहम भूमिका निभाई।
