Rishikesh College News: ऋषिकेश कॉलेज परिसर में आज उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई जब छात्रों के परीक्षा परिणामों में लगातार आ रही त्रुटियों के विरोध में NSUI के कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं ने प्रशासनिक भवन की तालाबंदी कर दी। प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर छात्रों को हिरासत में ले लिया।

परिणामों में सुधार की मांग
प्रदर्शनकारी छात्र परीक्षा परिणामों में सुधार की मांग पर अड़े है। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु जाटव और महासचिव अभिषेक कुमार त्रिसूलिया ने पुलिसिया कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने संयुक्त बयान में कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। बार-बार की त्रुटियां अब बर्दाश्त से बाहर हैं।

Rishikesh College News: छात्रसंघ की चेतावनी
छात्रसंघ उपाध्यक्ष आयुष तड़ियाल और छात्र नेता मानव रावत ने प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे पिछले कई वर्षों से निदेशक और परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन दे रहे हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो पूरे कॉलेज परिसर में तालाबंदी की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान मानसी सती, रहन बंदोलिया, आर्यन भारती, गौरव जोशी, सुहानी, सृष्टि, शिवानी, इशांत, दीपक साहनी, अतुल, सुंदर, अखिल गुलियाल, आशीष, भव्या, अक्षय कुमार समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
संजय शर्मा की रिपोर्ट
