Tateeree row: हरियाणवी गाने ‘टटरी’ (Tateeree) को लेकर चल रहे विवाद के बीच मशहूर सिंगर-रैपर बादशाह को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से जान से मारने की धमकी मिली है। सोशल मीडिया पर रविवार को वायरल हुए एक संदेश में गायक को हरियाणा की संस्कृति को खराब करने का आरोप लगाते हुए सीधे गोली मारने की धमकी दी गई है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ धमकी भरा पोस्ट
रविवार को फेसबुक पर पोस्ट किए गए एक संदेश का स्क्रीनशॉट तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यह पोस्ट ‘रनदीप मलिक अनिल पंडित’ नाम के एक फेसबुक अकाउंट से साझा किया गया था, जिसमें उस व्यक्ति ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया है। पोस्ट में व्यक्ति ने लिखा कि, “सिंगर बादशाह, तूने हरियाणा की संस्कृति को खराब करने की कोशिश की है। 2024 में हमने तेरे क्लब में ट्रेलर दिखाया था, इस बार सीधे तेरे माथे पर गोली मारेंगे।”
साथ ही साथ उसी पोस्ट में हाल ही में हरियाणा के पानीपत में हुई एक फायरिंग की घटना की जिम्मेदारी लेने का भी दावा किया गया है।

‘टटरी’ गाने पर उठा विवाद
बादशाह द्वारा लिखा गया हरियाणवी गाना ‘टटरी’ 1 मार्च 2026 को रिलीज हुआ था। रिलीज होते ही यह गाना विवादों में घिर गया।
गाने के वीडियो में हरियाणा रोडवेज की बस के अंदर स्कूल यूनिफॉर्म में नजर आ रही लड़कियों को आपत्तिजनक इशारे करते हुए दिखाया गया है। कई लोगों ने आरोप लगाया कि गाने के बोल में नाबालिग लड़कियों और महिलाओं पर आपतिजनक टिप्पणियाँ की गयीं हैं ।
पुलिस केस, महिला आयोग की कार्रवाई
गाने को लेकर कई शिकायतें मिलने के बाद हरियाणा पुलिस ने रैपर बादशाह के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसके अलावा हरियाणा राज्य महिला आयोग (SCW) ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए बादशाह को समन जारी किया था। हालांकि तय समय सीमा तक उनके पेश न होने पर आयोग की अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को कानूनी कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। महिला आयोग मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि प्रशासन को बादशाह का पासपोर्ट जब्त किये जाने का सुझाव दिया गया है, ताकि वे देश छोड़कर न जा सकें।
FIR के बाद बादशाह ने मांगी माफी
हरियाणा पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने के एक दिन बाद बादशाह ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। वीडियो में उन्होंने कहा कि उनका किसी की भावनाओं को आहत करने का कोई इरादा नहीं था। साथ ही उन्होंने यह भी पुष्टि की कि विवाद के बाद ‘टटरी’ गाने को सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है।
