पटाखा फैक्ट्री में धमाका, सुरक्षा मानदंडों के बाद भी नहीं रुक रहे हादसे
तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के सत्तूर इलाके में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट होने से छह लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। खबरों के मुताबिक, फैक्ट्री में चार कमरे थे, जो धमाके के बाद ढह गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
दमकल विभाग ने स्थिति को नियंत्रण में किया
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल एवं बचाव विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। अधिकारी विस्फोट के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही नुकसान का आकलन किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विस्फोट की आवाज दूर-दूर तक सुनी गई। बचावकर्मियों ने आग बुझाने के लिए तेजी से काम किया।
हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ
हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन माना जा रहा है कि हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ। विरुधुनगर जिले में कई पटाखा कारखाने हैं और यहां कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। 2024 में दुर्घटना के बाद, मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने पटाखा कारखानों में सुरक्षा मानदंडों की जांच का निर्देश दिया था। फिर भी हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं।
