Tamil Actor Drugs Case: तमिल एक्टर श्रीकांत को ड्रग्स केस में गिरफ्तार किया गया है। चेन्नई की नुंगम्बक्कम पुलिस ने उन्हें सोमवार सुबह उनके घर से हिरासत में लिया। मेडिकल जांच में कोकीन सेवन की पुष्टि होने के बाद उन्हें अरेस्ट किया गया। पुलिस को उनके घर से कोकीन की थोड़ी मात्रा भी बरामद हुई है।
ड्रग नेटवर्क से संपर्क में थे श्रीकांत
रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीकांत हाल ही में पकड़े गए तीन ड्रग तस्करों के लगातार संपर्क में थे। पुलिस का दावा है कि उन्होंने कोकीन खरीदी और उसका सेवन भी किया। यह ड्रग्स एक नेटवर्क के जरिए सप्लाई हो रही थी, जिसमें एक घानाई नागरिक जॉन और एक भारतीय नागरिक प्रदीप कुमार उर्फ प्राडो भी शामिल हैं।
एक और एक्टर का नाम भी आया सामने
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में एक और एक्टर कृष्णा का नाम सामने आया है, जिसके फिलहाल केरल में छिपे होने की आशंका है। पुलिस ने कृष्णा की तलाश शुरू कर दी है।

पब में हुई थी ड्रग्स की डील
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी प्रदीप कुमार ने कोकीन टी. प्रसाद नाम के शख्स को बेची थी। प्रसाद ने यह कोकीन पिछले महीने एक पब में श्रीकांत को दी थी। जानकारी के अनुसार, प्रसाद पहले भी धोखाधड़ी और बार में झगड़े के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। वह कभी फिल्म प्रोडक्शन में श्रीकांत के साथ भी काम कर चुका था।
श्रीकांत का फिल्मी करियर
श्रीकांत का असली नाम श्रीराम कृष्णमाचारी है। उन्होंने 2002 में तमिल फिल्म ‘रोजा कूटम’ से डेब्यू किया था। उन्हें ‘एप्रिल माधाथिल’, ‘पार्थिबन कनवु’, ‘ओकरीकि ओकारु’ और ‘ननबन’ जैसी हिट फिल्मों के लिए जाना जाता है। ‘ननबन’ हिंदी फिल्म ‘3 इडियट्स’ की तमिल रीमेक थी। उन्हें उनके काम के लिए नंदी और फिल्मफेयर जैसे पुरस्कार भी मिल चुके हैं।
कैसे हुआ खुलासा
17 जून को एंटी-नारकोटिक्स इंटेलिजेंस यूनिट (ANIU) की सूचना पर पुलिस ने प्रदीप और जॉन को 11 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया था। यह ड्रग्स बेंगलुरु से लाई गई थी और चेन्नई में ₹12,000 प्रति ग्राम के भाव से बेची जा रही थी। यहीं से मामले की परतें खुलती गईं और श्रीकांत का नाम सामने आया।
2008 में की थी शादी…
एक्टर श्रीकांत ने 7 सितंबर 2008 को वंदना से शादी की थी। यह कपल दो बच्चों के माता-पिता हैं। श्रीकांत ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1999 में टीवी सीरियल जन्नल मराबू कविथिगल से की थी। इसके बाद उन्होंने 2002 में तमिल फिल्म रोजा कूटम से बड़े पर्दे पर डेब्यू किया। 2003 में वह पहली बार तेलुगु फिल्म ओकारिकी ओकारू में नजर आए।

