T20 World Cup 2026: रविवार को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फ़ाइनल में टीम इंडिया की न्यूज़ीलैण्ड के ऊपर ऐतिहासिक जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है। अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। इस शानदार जीत के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश की कई बड़ी हस्तियों ने एवं नेताओं-मंत्रियों ने भारतीय टीम को बधाई दी। इसी क्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी टीम इंडिया को शुभकामनाएं देते हुए खासतौर पर झारखंड के स्टार क्रिकेटर ईशान किशन के लिए भावुक संदेश साझा किया।

“यह करोड़ों भारतीयों के गर्व और जुनून की जीत”: CM सोरेन
मुख्यमंत्री सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘X’ के जरिए टीम इंडिया की जीत पर खुशी जताई। उन्होंने लिखा, “टीम इंडिया को टी20 विश्व कप 2026 जीतने पर हार्दिक बधाई। यह जीत करोड़ों भारतीयों के गर्व, विश्वास और जुनून की जीत है। हमारे खिलाड़ियों ने अद्भुत कौशल, साहस और टीम भावना का परिचय दिया है। पूरे देश के साथ झारखंड भी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहा है। जय हिंद।”
ईशान किशन की वापसी को CM सोरेन ने प्रेरणादायक करार दिया
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में झारखंड के क्रिकेटर ईशान किशन की वापसी और प्रदर्शन की भी विशेष सराहना की। उन्होंने लिखा, “कुछ ही समय पहले तक आप भारतीय टीम का हिस्सा भी नहीं थे, लेकिन जिस आत्मविश्वास और आक्रामकता के साथ आपने वापसी की है, वह सचमुच प्रेरणादायक है।”
सोरेन ने आगे लिखा कि झारखंड के कप्तान और भारतीय टीम के अहम सदस्य के रूप में ईशान किशन ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से हर चुनौती को पार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मैदान पर उनका जोश और जुझारूपन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि पूरे झारखंड को अपने इस खिलाड़ी पर गर्व है।

विश्व कप में दमदार प्रदर्शन
टी20 विश्व कप 2026 में ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने टूर्नामेंट के 9 मैचों में कुल 317 रन बनाए और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर रहे।
फाइनल मुकाबले में भी ईशान किशन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अहम पारी खेली। उन्होंने मात्र 25 गेंदों में 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 54 रन बनाए और टीम इंडिया की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
