उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान बीजेपी सांसद रवि किशन और मंत्री संजय निषाद की मजाकिया अंदाज में चुटकी ली। दोनों नेताओं के भाषण देने के अंदाज पर टिप्पणी करते हुए सीएम ने कहा कि रवि किशन और संजय निषाद अच्छे संवाद बोलते हैं। दोनों को मिलकर एक फिल्म बनानी चाहिए, इससे उनके डायलॉग और भी मशहूर हो जाएंगे। मुख्यमंत्री की इस बात पर कार्यक्रम में मौजूद लोग हंसने लगे और तालियां बजाने लगे। योगी आदित्यनाथ इन दिनों तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर में हैं। रविवार को उन्होंने चौरी चौरा स्थित शहीद स्थली पर कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा।
रवि किशन और संजय निषाद के अंदाज पर ली चुटकी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने संजय निषाद के भाषण की तारीफ करते हुए कहा कि उनका अंदाज सांसद रवि किशन जैसा है। उन्होंने रवि किशन से मजाकिया लहजे में कहा कि वह संजय निषाद के साथ मिलकर एक फिल्म बनाएं। दोनों की डायलॉगबाजी खूब मशहूर होगी। सीएम की इस टिप्पणी पर रवि किशन और संजय निषाद मुस्कुराते नजर आए। दोनों नेताओं ने खड़े होकर हाथ जोड़कर कार्यक्रम में मौजूद लोगों का अभिवादन किया।
सपा पर सीएम योगी का तीखा हमला
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा की दुम कुत्ते की तरह है, जो कभी सीधी नहीं होती। सीएम ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान 10 लाख गुंडे पाले गए, जबकि उनकी सरकार ने 10 लाख नौकरियां दी हैं।
499 करोड़ की नाला परियोजना का लोकार्पण
गोरखपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चौरी चौरा स्थित शहीद स्थली पहुंचे। इसके बाद उन्होंने मोहद्दीपुर-असुरन रोड पर ओवरब्रिज के पास गोड़धोइया नाला परियोजना के तहत बने पक्के नाले का लोकार्पण किया। इस हिस्से की लागत 499 करोड़ रुपये बताई गई है। नाले की लंबाई 7.75 किलोमीटर है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 888 करोड़ रुपये की लागत वाली एक अन्य परियोजना का शिलान्यास भी किया।
17 वार्डों को मिलेगा फायदा
शिलान्यास की गई परियोजना में पक्का नाला, सीवर लाइन और नाले के किनारे सड़क का निर्माण शामिल है। दावा है कि परियोजना पूरी होने से गोरखपुर के करीब 17 वार्डों को फायदा मिलेगा। इससे इलाके में जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।